1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026: क्वालिफायर-2 की दोनों टीमें हो गईं तय, जानिए कब-कहां खेला जाएगा मुकाबला

IPL 2026: क्वालिफायर-2 की दोनों टीमें हो गईं तय, जानिए कब-कहां खेला जाएगा मुकाबला

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 27, 2026 11:31 pm IST,  Updated : May 27, 2026 11:31 pm IST

IPL 2026 का सफर अब समापन के करीब पहुंच चुका है। एलिमिनेटर मैच में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर क्वालिफायर-2 मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।

RR IPL 2026- India TV Hindi
राजस्थान रॉयल्स Image Source : PTI

IPL 2026, Qualifier 2: इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2026 में 27 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला गया। मुल्लांपुर में खेले गए इस अहम मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से करारी शिकस्त दी। इसके साथ ही IPL 2026 के क्वालिफायर-2 की दोनों टीमें तय हो गईं। अब राजस्थान की टीम क्वालिफायर-2 में फाइनल का टिकट हासिल करने के इरादे से उतरेगी। इससे पहले डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने का कारनामा किया। अब राजस्थान रॉयल्स की टीम का क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस से सामना होगा। इस मैच में जो भी टीम जीतेगी, वो फाइनल में RCB से भिड़ेगी।

वैभव ने खेली विस्फोटक पारी

एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान की जीत के हीरो रहे सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने धमाकेदार पारी खेली। पहले बल्लेबाजी का मौका मिलने पर वैभव ने ंमहज 29 गेंदों पर 97 रन बनाए, जिसमें 12 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। वैभव IPL का सबसे तेज शतक जड़ने से सिर्फ 3 रन दूर रह गए। वैभव की तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 243 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही। वैभव के अलावा ध्रुव जुरेल ने 21 गेंदों पर ताबड़तोड़ 50 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से प्रफुल्ल हिंगे ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपनी झोली में किए।

SRH के बल्लेबाजों ने किया निराश

राजस्थान रॉयल्स के विशाल स्कोर के जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की पारी का आगाज बेहद खराब रहा। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पहले ओवर की दूसरी गेंद पर पवेलियन लौट गए। तीसरे ओवर में ईशान किशन भी 33 रन बनाकर चलते बने। अगले ओवर में स्मरण रविचंद्रन और 5वें ओवर में ट्रैविस हेड भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 7वें ओवर में यश राज पुंजा का शिकार बन गए। 81 रन के स्कोर पर SRH की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। इस बीच इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान पर आए सलिल अरोड़ा ने नितीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर पारी को संभाला और अपनी टीम का स्कोर 137 रन तक ले गए। इस बीच एक बार फिर राजस्थान के गेंदबाजों ने कमाल दिखाया और नितीश को 11वें में आउट करने के बाद अगले ही ओवर की पहली गेंद पर कप्तान पैट कमिंस को पवेलियन का राह दिखा दी। कप्तान सिर्फ 1 रन बना सके। 139 रन तक टीम के 7 विकेट गिर चुके थे। आखिरी के 3 बल्लेबाज भी कुछ खास नहीं कर सके और पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर ढेर हो गई।

कब और कहां खेला जाएगा क्वालिफायर-2

IPL 2026 का क्वालिफायर-2 मुकाबला शुक्रवार यानी 29 मई को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में एलिमिनेटर की विजेता टीम राजस्थान रॉयल्स का सामना क्वालिफायर-1 में RCB से हार झेलने वाली गुजरात टाइटंस से होगा। शाम 7 बजकर 30 मिनट पर मैच का आगाज होगा। इससे 30 मिनट पहले टॉस होगा। क्वालिफायर-2 की विजेता टीम खिताबी मुकाबले में 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में RCB का सामना करेगी।

यह भी पढ़ें:

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी पारी को लेकर क्या कहा? शतक से चूकने पर बोल गए दिल की बात

वैभव सूर्यवंशी की पारी के मुरीद हुई SRH की मालकिन काव्या मारन, आउट होने के बाद का VIDEO हुआ वायरल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल