1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया के लिए जान लड़ाने वाले रवींद्र जडेजा ने रचा कीर्तिमान, ऐसा करने वाले सिर्फ चौथे खिलाड़ी बने

टीम इंडिया के लिए जान लड़ाने वाले रवींद्र जडेजा ने रचा कीर्तिमान, ऐसा करने वाले सिर्फ चौथे खिलाड़ी बने

 Written By: Vanson Soral
 Published : Jul 15, 2025 09:51 am IST,  Updated : Jul 15, 2025 11:03 am IST

रवींद्र जडेजा लॉर्ड्स में भारत को जीत नहीं दिला सके। भारतीय टीम की दूसरी पारी 170 रनों पर सिमट गई। जडेजा नाबाद लौटे। उन्होंने 61 रनों की पारी खेली।

Ravindra Jadeja- India TV Hindi
रवींद्र जडेजा Image Source : GETTY

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम को इंग्लैंड के हाथों 22 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस रोमांचक मुकाबले में भले ही रवींद्र जडेजा ने शानदार नाबाद अर्धशतक लगाकर संघर्ष किया, लेकिन वह टीम इंडिया को हार से नहीं बचा सके। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सीरीज में 2-1 की अहम बढ़त भी हासिल कर ली है।

अंतिम दिन रोमांचक रहा मुकाबला

भारत को जीत के लिए 193 रन का लक्ष्य मिला था। हालांकि, इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही भारतीय बल्लेबाजी क्रम को दबाव में ला दिया। जोफ्रा आर्चर, कप्तान बेन स्टोक्स और ब्राइडन कार्स की धारधार गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाज एक-एक कर पवेलियन लौटते रहे। हालात ऐसे बन गए कि टीम इंडिया ने 74.5 ओवर में 170 रन बनाकर अपने सभी विकेट गंवा दिए। रवींद्र जडेजा ने एक छोर संभाले रखा और 61 रनों की नाबाद जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिल सका। जडेजा भले ही टीम इंडिया को नहीं जिता सके लेकिन उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट बहुत बड़ा मुकाम छू लिया। 

जडेजा ने 61 रनों की पारी के दम पर इंटरनेशनल क्रिकेट में 7000 रन पूरे कर लिए। ऐसा करते ही वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 7000 रन और 600 विकेट लेने वाले दुनिया के सिर्फ चौथे और भारत के दूसरे खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह कारनामा सिर्फ भारत के कपिल देव, साउथ अफ्रीका के शॉन पोलॉक और बांग्लादेश के धाकड़ ऑलराउंडर शाकिबल अल हसन ने किया था। जडेजा के नाम 361 मैचों में 7018 रन और 611 विकेट हैं। 

इंटरनेशनल क्रिकेट में 7000 रन और 600 विकेट लेने वाले खिलाड़ी

  • शाकिब अल हसन - 14730 रन और 712 विकेट
  • कपिल देव - 9031 रन और 687 विकेट
  • शॉन पोलॉक - 7386 रन और 829 विकेट
  • रवींद्र जडेजा - 7018 रन और 611 विकेट

रवींद्र जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में 83 मैचों में 36.97 के औसत से 3697 रन बनाए हैं। वहीं, वनडे में जडेजा के नाम 2806 रन दर्ज हैं। T20I में भी उन्होंने 515 रन अपने नाम किए हैं। इसके अलावा टेस्ट में 326, वनडे में 231 विकेट और T20I में 54 विकेट अपने नाम किए हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल