1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रवींद्र जडेजा के लिए क्या वनडे टीम के दरवाजे हो गए बंद? अगरकर ने बताया क्यों नहीं मिली ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए जगह

रवींद्र जडेजा के लिए क्या वनडे टीम के दरवाजे हो गए बंद? अगरकर ने बताया क्यों नहीं मिली ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए जगह

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Oct 04, 2025 05:26 pm IST,  Updated : Oct 04, 2025 05:26 pm IST

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 अक्टूबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया, जिसमें चयन समिति ने कुछ चौंकाने वाले फैसले भी लिए हैं। टीम इंडिया के स्टार स्पिनर ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा को इस सीरीज के लिए नहीं चुना गया है।

Ravindra Jadeja- India TV Hindi
रवींद्र जडेजा Image Source : PTI

भारतीय टीम को 19 अक्टूबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर खेलनी है, जिसको लेकर स्क्वाड का ऐलान बीसीसीआई की तरफ से कर दिया गया है। रोहित शर्मा और विराट कोहली जहां इस वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे ये तय हो गया है तो वहीं दूसरी तरफ शुभमन गिल को वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। चयन समिति का ये फैसला सभी फैंस के लिए काफी चौंकाने वाला जरूर है। वहीं इसके अलावा स्टार स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए घोषित टीम इंडिया की स्क्वाड में नहीं चुना गया है, जिसको लेकर जडेजा के वनडे करियर के भविष्य पर भी सवाल उठने लगे हैं।

हम 2 बाएं हाथ के स्पिनरों को ऑस्ट्रेलिया नहीं लेकर जाना चाहते

रवींद्र जडेजा को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड में क्यों नहीं चुना गया इसको लेकर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि देखिए, फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में दो बाएं हाथ के स्पिनरों को ले जाना संभव नहीं है। जडेजा की काबिलियत को देखते हुए पूरी तरह से टीम का हिस्सा हैं, लेकिन स्क्वाड में जगह बनाने के लिए थोड़ी प्रतिस्पर्धा होगी। ऐसा नहीं है कि वह इस रेस से बाहर हो चुके हैं, जडेजा चैंपियंस ट्रॉफी टीम में थे क्योंकि हमने वहां की परिस्थितियों को देखते हुए हमने अतिरिक्त स्पिनर्स को टीम में शामिल किया था।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए हम केवल एक ही खिलाड़ी को टीम में रख सकते हैं और वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव के साथ टीम का बैलेंस बेहतर रहेगा। मुझे नहीं लगता कि ऑस्ट्रेलिया में हमें इससे ज्यादा स्पिन गेंदबाजों की जरूरत होगी। यह सिर्फ 3 मैचों की एक छोटी सीरीज है और आप सभी को शामिल नहीं कर सकते हैं। इस समय वह टीम में नहीं हैं, लेकिन इससे ज्यादा कुछ नहीं है।

जडेजा का मौजूदा फॉर्म काफी शानदार

टीम इंडिया अभी घर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है, जिसके पहले मैच को वह पारी और 140 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रहे। इस मुकाबले में रवींद्र जडेजा का बल्ले और गेंद दोनों से काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। जिसमें उन्होंने मैच में जहां कुल चार विकेट हासिल किए तो बल्ले से 104 रनों की बेहतरीन नाबाद शतकीय पारी भी खेली। रवींद्र जडेजा का चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला था, जहां उन्होंने पांच मैचों में 5 विकेट हासिल किए थे और उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 4.35 का रहा था।

भारतीय टीम का स्क्वाड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।

ये भी पढ़ें

IND vs AUS: टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड का हुआ ऐलान, इस खिलाड़ी की हुई वापसी

वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत से भारतीय टीम को हुआ फायदा, WTC Points Table में अब इतना हो गया PCT

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल