1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2025: पिछले सीजन से बदल गए इन 5 टीमों के कप्तान, खिताब जीतने के लिए नए चेहरों पर लगाया दांव

IPL 2025: पिछले सीजन से बदल गए इन 5 टीमों के कप्तान, खिताब जीतने के लिए नए चेहरों पर लगाया दांव

 Written By: Govind Singh
 Published : Mar 15, 2025 11:27 am IST,  Updated : Mar 15, 2025 11:27 am IST

Delhi Capitals IPL 2025: अक्षर पटेल को दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनाया गया है। उन्होंने अभी तक आईपीएल में सिर्फ एक मैच में ही कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली है।

ऋषभ पंत, अक्षर पटेल और रजत पाटीदार- India TV Hindi
ऋषभ पंत, अक्षर पटेल और रजत पाटीदार Image Source : TWITTER/PTI

दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल 2025 की शुरुआत 22 मार्च से होने जा रही है। इस बार 10 टीमें खिताब जीतने के लिए आपस में भिड़ती हुई नजर आएंगी। अभी तक आईपीएल के 17 सीजन हो चुके हैं और ये 18वां सीजन खेला जाएगा। अब आईपीएल 2025 से पहले ही सभी टीमों ने अपने-अपने कप्तान चुन लिए हैं। खास बात ये है कि पांच टीमों के पिछले सीजन से कप्तान बदल गए हैं। इनमें दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स, पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और आरसीबी की टीमें शामिल हैं। 

लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान हैं ऋषभ पंत 

आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी ऋषभ पंत ने संभाली थी। फिर आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन से पहले दिल्ली की टीम ने उन्हें रिटेन नहीं किया। इसी वजह से दिल्ली ने अक्षर पटेल को नया कप्तान बनाया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने आगामी सीजन के लिए ऋषभ पंत को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। पिछले सीजन लखनऊ के लिए केएल राहुल कप्तान थे, जो अब दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। 

रजत पाटीदार को मिली आरसीबी की कमान

आरसीबी के लिए आईपीएल 2024 में फॉफ डु प्लेसिस ने कप्तानी की थी और उनकी कप्तानी में ही टीम ने प्लेऑफ तक का सफर तय किया था। फिर भी आरसीबी की टीम ने उन्हें रिटेन नहीं किया था। इसके बाद आरसीबी ने युवा बल्लेबाज रजट पाटीदार को कप्तान बनाया है। 

अय्यर को खरीदने के लिए पंजाब किंग्स ने चुकाई थी बड़ी रकम

श्रेयस अय्यर की अगुवाई में ही आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने खिताब जीता था। इसके बाद भी केकेआर ने उन्हें रिटेन नहीं किया था। फिर आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर को 26.75 करोड़ रुपए में खरीद लिया। जबकि आगामी सीजन के लिए केकेआर ने अजिंक्य रहाणे को कप्तानी की बागडोर सौंपी है। 

पांच टीमों ने पुराने कप्तानों पर ही जताया भरोसा 

आईपीएल 2025 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या, गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस और राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन हैं। इन पांचों ने पुराने कप्तानों पर ही भरोसा जताया है। 

मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक हैं। चेन्नई ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में पांच बार खिताब जीता है। वहीं मुंबई की टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में पांच बार चैंपियंन बन चुकी है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने तीन बार आईपीएल का खिताब जीता है। डेक्कन चार्जर्स, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने एक-एक बार इस लीग का खिताब जीता है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल