Rinku Singh: भारतीय टीम ने धमाकेदार अंदाज में पाकिस्तान को टी20 एशिया कप 2025 के फाइनल में हरा दिया। इस मैच में पाकिस्तानी टीम ने पहले बैटिंग करते हुए सिर्फ 146 रन बनाए। इसके बाद भारत के लिए तिलक वर्मा ने दमदार बल्लेबाजी की और 69 रनों की पारी खेली। वहीं रिंकू सिंह ने मैच में सिर्फ एक ही गेंद खेली और चौका लगाकर टीम को खिताब जिता दिया।
हार्दिक पांड्या के चोटिल होने के बाद मिला मौका
इस मैच में भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोटिल हो गए थे। श्रीलंका के खिलाफ मैच में उन्हें क्रैम्प आ गया था। इसके बाद रिंकू सिंह को खेलने का मौका मिल गया। इसी के साथ उन्होंने एशिया कप में अपना डेब्यू कर लिया। इसके बाद फाइनल में उनकी आखिरी ओवर में बल्लेबाजी आई, क्योंकि 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर शिवम दुबे आउट हो गए।
चौका लगाकर टीम को जिताया खिताब
पाकिस्तान के लिए आखिरी ओवर हारिस रऊफ ने किया। इस ओवर की चौथी गेंद पर भारत को जीत के लिए एक रन बनाना था। तब रिंकू सिंह स्ट्राइक पर थे। उन्होंने इस गेंद पर चौका लगाया। उनकी टूर्नामेंट में यह पहली गेंद थी और उन्होंने इसी पर 400 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और विनिंग स्ट्रोक लगाया।
रिंकू सिंह ने कही ये बात
एशिया कप 2025 का खिताब जीतने के बाद रिंकू सिंह ने कहा कि अब और कुछ भी मायने नहीं रखता है। ये एक गेंद मायने रखती है। मैंने चौका मारा है और सब जानते हैं कि मैं फिनिशर हूं और टीम जीत गई है। मैं बहुत ही ज्यादा खुश हूं।
रिंकू सिंह ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में साल 2023 में डेब्यू किया था और इसके बाद अभी तक कुल 34 T20I मैच खेले और इस दौरान उनके बल्ले से 550 रन निकले, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल रहे। रिंकू का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में हाईएस्ट स्कोर 69 रन रहा है।
यह भी पढ़ें:
भारत ने साबित कर दिया पाकिस्तान अभी बच्चा है, टीम इंडिया ने किया 3-0 से सूपड़ा साफ
फाइनल मैच के लिए वरुण ने बनाया था खास प्लान, कुलदीप ने पाकिस्तान को हराने के बाद दिया बड़ा बयान