भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत बहुत ही शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उनके बल्ले से खूब रन निकल रहे हैं। मैदान पर उनकी मौजूदगी ही फैंस में एक अलग ही उत्साह जगा देती है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भले ही भारतीय टीम को पांच विकेट से हार का मुंह देखना पड़ा था, लेकिन पंत ने दोनों पारियों में शतक लगाए थे और वह अपने खेल से सभी को प्रभावित करने में सफल रहे थे।
अच्छी लय में चल रहे हैं ऋषभ पंत
इंग्लैंड के खिलाफ ऋषभ पंत ने पहली पारी में 134 रनों की पारी खेली थी। वहीं, दूसरी पारी में उन्होंने 118 रन बनाए थे। जब तक पंत क्रीज पर थे। भारतीय टीम मुकाबले में बनी हुई थी। अब इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे मुकाबले में भी भारतीय टीम को पंत से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। अगर पंत दूसरे टेस्ट मैच में शतक लगा देते हैं, तो वह इंग्लैंड की धरती पर लगातार तीन टेस्ट शतक जड़ने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज बनेंगे।
राहुल द्रविड़ ने 23 साल पहले किया था कमाल
भारत के लिए राहुल द्रविड़ ने इंग्लैंड की धरती पर साल 2002 में लगातार तीन टेस्ट शतक लगाए थे। वह अभी तक ऐसा करने वाले इकलौते भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने नॉटिंघम (115 रन), लीड्स (148 रन) और द ओवल (217 रन) के मैदान पर टेस्ट शतक जड़े थे। अब ऋषभ पंत के पास लगातार तीन टेस्ट शतक जड़कर 23 साल पुराना कीर्तिमान दोहराने का मौका है।
भारतीय टीम के लिए लगा चुके 8 टेस्ट शतक
ऋषभ पंत ने भारतीय टीम के लिए साल 2018 में टेस्ट में डेब्यू किया था। इसके बाद से ही वह भारतीय टीम के बैटिंग ऑर्डर की अहम कड़ी बने हुए हैं। उन्होंने अभी तक 44 टेस्ट मैचों में कुल 3200 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं।
गेंदबाजों ने किया था खराब प्रदर्शन
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया था। भारत ने पहली पारी में 471 रन और दूसरी पारी में 364 रन बनाए थे। लेकिन जसप्रीत बुमराह के अलावा बाकी के गेंदबाज बेअसर साबित हुए और अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। इसी वजह से टीम को हार का मुंह देखना पड़ा। बुमराह ने पहली पारी में पांच विकेट अपने नाम किए थे। लेकिन दूसरी पारी में वह भी फ्लॉप रहे।
यह भी पढ़ें:
इंग्लैंड से छिन गया ताज, WTC प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची ये टीम; जानें भारत का हाल
ऑस्ट्रेलिया ने जीत के साथ किया WTC के नए चक्र का आगाज, WI के खिलाफ जीत में चमके हेजलवुड और हेड