1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले उड़ गई थी रोहित शर्मा की नींद, खिताबी मैच को लेकर किया बड़ा खुलासा

टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले उड़ गई थी रोहित शर्मा की नींद, खिताबी मैच को लेकर किया बड़ा खुलासा

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 29, 2025 01:01 pm IST,  Updated : Jun 29, 2025 01:04 pm IST

टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतकर रोहित शर्मा ने भारत के 11 साल के ICC ट्रॉफी के सूखे को खत्म किया था। टीम इंडिया ने फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक रोमांचक जीत दर्ज की थी।

Rohit Sharma- India TV Hindi
रोहित शर्मा Image Source : GETTY

29 जून 2024, आज से ठीक एक साल पहले टीम इंडिया ने रोहित शर्मा की कप्तानी में टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को 7 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसी के साथ भारत ने 11 साल से चले आ रहे ICC ट्रॉफी के सूखे को भी खत्म किया। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व टी-20 और टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच को लेकर बड़ा खुलासा किया है।

टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच को लेकर रोहित शर्मा ने किया बड़ा खुलासा

रोहित शर्मा ने बताया कि फाइनल मैच से एक रात पहले वह घबराहट की वजह से ठीक से सो नहीं पाए थे। रोहित ने जियो हॉटस्टार के हवाले से कहा कि 13 साल का समय बहुत लंबा होता है। ज्यादातर खिलाड़ियों का करियर भी 13 साल का नहीं होता। इसलिए, वर्ल्ड कप जीतने के लिए इतने लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। मैंने आखिरी बार 2007 में वर्ल्ड कप जीता था। मेरे लिए, इससे बड़ी कोई बात नहीं हो सकती थी।

उन्होंने कहा कि मैं पूरी रात सो नहीं पाया। मैं सिर्फ वर्ल्ड कप के बारे में ही सोचता रहा। मैं नर्वस था। मैं अपने पैरों को महसूस नहीं कर पा रहा था। मैं इसे जाहिर नहीं करता, लेकिन अंदर से मैं बहुत ज्यादा घबराया हुआ था। हमें सुबह 8:30 या 9 बजे के आसपास निकलना था, लेकिन मैं सात बजे उठा। अपने कमरे से मैं मैदान देख सकता था और बस उसे देखता रहा। मुझे याद है कि मैंने सोचा था दो घंटे में मैं वहां पहुंच जाऊंगा और चार घंटे में नतीजा सामने आ जाएगा। या तो कप यहां होगा या नहीं होगा। आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2024 की पहली एनिवर्सरी के मौके पर रोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी शेयर किया है जो काफी तेजी से वायरल हो रहा है।

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने ले लिया था संन्यास

फाइनल मैच की बात करें तो वहां टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 176 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 169 रन ही बना पाई थी। इस जीत के साथ भारत ने 11 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म कर दिया था। भारत ने इससे पहले 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। वहीं, भारत ने 17 साल बाद टी-20 वर्ल्ड कप और 13 साल बाद कोई वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल