टीम इंडिया और मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज रोहित शर्मा के लिए एक वक्त ईडन गार्डन्स का मैदान काफी लकी हुआ करता था। इसी मैदान पर रोहित ने वनडे क्रिकेट का हाईएस्ट इंडिविजुअल स्कोर बनाया था। उन्होंने साल 2014 में श्रीलंका के खिलाफ इसी मैदान पर 173 बॉल पर 264 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। लेकिन पिछले कुछ समय से मानो इस मैदान पर रोहित शर्मा को किसी की नजर लग गई है। खासकर आईपीएल में वह जब भी इस मैदान पर बल्लेबाजी करने आए हैं तो वहां उनके बल्ले से रन नहीं निकले हैं।
2017 के बाद से आईपीएल में ईडन गार्डन्स के मैदान पर रोहित का रिकॉर्ड
आईपीएल 2026 में 20 मई को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच ईडन गार्डन्स में खेला गया। इस मैच में भी रोहित 13 बॉल पर मात्र 15 रन बनाकर आउट हो गए। आपको बता दें कि साल 2017 के बाद इस मैदान पर रन रोहित रन बनाने के लिए तरसते हुए दिखे हैं। 2017 से लेकर अब तक रोहित ने आईपीएल में ईडन गार्डन्स में पांच पारियों में बैटिंग की है और इस दौरान उनके बल्ले से 21.80 के औसत से 109 रन आए हैं। वहीं उससे पहले 2011 से लेकर 2016 तक रोहित ने इस मैदान पर 8 पारियों में बैटिंग की थी और वहां उनके बल्ले से 77.80 के औसत से 389 रन आए थे और वहां उनका स्ट्राइक रेट भी 152 से अधिक का रहा था।
सौरभ दुबे ने रोहित को किया आउट
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा की बल्लेबाजी की बात करें तो वहां रोहित अच्छी लय में दिख रहे थे। आउट होने से ठीक पहले उन्होंने सौरभ दुबे के खिलाफ एक शानदार छक्का लगाया था। लेकिन अगली ही गेंद पर दुबे ने गति में परिवर्तन किया और रोहित यहां उनके जाल में फंस गए। रोहित को आउट करने के लिए दुबे ने एक फुल लेंथ गेंद फेंकी। जिसपर रोहित ने छक्का लगाने की कोशिश की लेकिन गेंद हवा में काफी ऊपर चली गई और फिर कैमरन ग्रीन ने कमाल कैच लपक दुबे को कामयाबी दिलाई।
आईपीएल 2026 में फिटनेस की समस्या से परेशान रहे रोहित
रोहित शर्मा की बात करें तो आईपीएल के जारी सीजन में वह फिटनेस की समस्या से परेशान रहे हैं। RCB के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। इस चोट की वजह से वह चार मैचों से बाहर रहे थे। हालांकि चोट के बाद उन्होंने लखनऊ के खिलाफ मैच में जबरदस्त वापसी की और वहां उन्होंने 84 रन बनाए लेकिन उसके बाद से वह लगातार तीन पारियों में बल्ले से बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे हैं। मुंबई इंडियंस की टीम आखिरी लीग मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी। वहां रोहित का प्रदर्शन कैसा रहता है वो देखने वाली बात होगी।
यह भी पढ़ें:
टेनिस बॉल से खेलकर IPL तक पहुंचा ये तेज गेंदबाज, अब रोहित और सूर्या को आउट कर बना KKR का नया स्टार