1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Rohit Sharma: आराम के बाद भी क्या थके हुए हैं रोहित शर्मा? कोहली के बाद भारतीय कप्तान पर भड़के कपिल देव

Rohit Sharma: आराम के बाद भी क्या थके हुए हैं रोहित शर्मा? कोहली के बाद भारतीय कप्तान पर भड़के कपिल देव

 Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4
 Published : Jun 24, 2022 10:39 am IST,  Updated : Jun 24, 2022 10:39 am IST

लीसेस्टरशायर के खिलाफ टीम इंडिया के अभ्यास मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने 47 गेंदों पर 25 और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने 69 गेंदों पर सिर्फ 33 रन बनाए।

कपिल देव और रोहित...- India TV Hindi
कपिल देव और रोहित शर्मा Image Source : GETTYIMAGES

Highlights

  • रोहित शर्मा का खराब फॉर्म जारी, अभ्यास मैच में 47 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट
  • विराट कोहली भी 69 गेंदों पर 33 रन बनाकर हुए आउट
  • IPL 2022 की भी 14 पारियों में नहीं निकला रोहित के बल्ले से एक भी अर्धशतक

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) इन दिनों अपने ब्रेक और मौजूदा फॉर्म को लेकर चर्चा में हैं। इसमें कोई दो राय नहीं हैं कि वह एक अच्छे कप्तान हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन पर काफी सवाल उठने लगे हैं। IPL 2022 में 14 पारियों के बाद हिटमैन का खराब प्रदर्शन देखने को मिला। इसके बाद वह ब्रेक पर गए। साउथ अफ्रीका सीरीज भी उन्होंने नहीं खेली। फिर इंग्लैंड टेस्ट से पहले अभ्यास मैच में भी वह थके हुए नजर आ रहे थे, ऐसा पूर्व क्रिकेटर कपिल देव का मानना है।

एक यूट्यूब चैनल पर पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने रोहित शर्मा को लेकर कई बयान दिए। इससे पहले वह विराट कोहली के खराब फॉर्म को लेकर भी चर्चा में रह चुके हैं। विश्व चैंपियन कप्तान का मानना है कि, रोहित ने या तो बहुत ज्यादा क्रिकेट खेल लिया है या फिर बहुत कम। वह बोले कि, रोहित शर्मा जरूरत से ज्यादा क्रिकेट खेल रहे हैं या फिर थके हुए हैं। गौरतलब है कि आईपीएल 2022 में 14 पारियों में रोहित 19.14 की औसत से सिर्फ 268 रन ही बना पाए थे। लीसेस्टरशायर के खिलाफ अभ्यास मैच में भी उनका बल्ला नहीं चला और वह 47 गेंदों पर 25 रन बनाकर आउट हो गए।

ब्रेक के बाद भी क्या थके हुए हैं रोहित? 

इन सबको देखकर यही लगता है कि आईपीएल के बाद तकरीबन एक महीने का ब्रेक लेने के बाद भी क्या रोहित शर्मा थके हुए हैं? आखिर क्या कारण है कि वह उस तरह नहीं खेल पा रहे हैं जिसके लिए उन्हें हिटमैन की उपाधि मिली थी। खिलाड़ियों को आराम देने के सवाल पर बोलते हुए कपिल देव ने कहा कि,'यह बताना कठिन है कि किसको आराम दिया गया है या किसने आराम की मांग की है। इस बात की जानकारी सिर्फ चयनकर्ताओं को होगी। अगर आप 14 मैचों में अर्धशतक नहीं बनाते हैं तो सवाल पूछे जाएंगे। यह एक ऐसा सवाल है, जिसका जवाब सिर्फ रोहित ही दे सकते हैं। क्या वह क्रिकेट बहुत ज्यादा खेल रहे हैं या वह थके हुए हैं।'

India tour of England: रोहित शर्मा के निशाने पर शाहिद अफरीदी का यह बड़ा रिकॉर्ड, इंग्लैंड दौरे पर होगा चकनाचूर

कपिल देव ने इससे पहले विराट कोहली के प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने रोहित और विराट दोनों पर बोलते हुए आगे कहा कि,'मेरा मानना ​​​​है कि दोनों को अपने सोचने के तरीके पर ध्यान देना चाहिए। अगर वह मेरे दावों को गलत साबित करते हैं तो मुझे खुशी होगी। आप रन नहीं बना रहे हैं तो कोई न कोई समस्या जरूर है। या तो आप ज्यादा क्रिकेट खेल रहे हैं या कम। सिर्फ आपका प्रदर्शन हमें दिखाई देता है। अगर प्रदर्शन में गिरावट आई है तो इसपर चर्चा होगी, इसे बंद करना संभव नहीं है। आपके बल्ले को बोलना चाहिए, इसके अलावा किसी भी चीज का कोई मतलब नहीं है।'

विराट कोहली जहां पिछले करीब 31 महीनों से इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक नहीं लगा पाए हैं। वहीं कप्तान बनने के बाद रोहित शर्मा लगातार अपने फॉर्म को लेकर जूझ रहे हैं। साथ ही रोहित और विराट को लगातार आराम दिए जाने की बातें भी काफी चर्चा में हैं। हालांकि, यह तो सच है कि आराम, रेस्ट, ब्रेक ऐसे शब्द क्रिकेट में इस दौरान ही सुनाई देने लगे हैं। इससे पहले कपिल देव, अजहरुद्दीन, सौरव गांगुली, एमएस धोनी किसी के भी युग में इन चीजों का ज्यादा जिक्र नहीं होता था। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल