इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन अब उस पड़ाव पर पहुंच चुका है जहां से प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीमों की तस्वीर हर मुकाबले के बाद थोड़ा साफ जरूर होती जा रही है। इस सीजन का 52वां लीग मुकाबला अब तक मैदान पर शानदार खेल दिखाने वाली राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच में खेला जाएगा। दोनों टीमों की ये इस सीजन में दूसरी भिड़ंत होगी जिसमें पिछले मुकाबले को राजस्थान की टीम ने 6 रनों से अपने नाम किया था। ऐसे में गुजरात टाइटंस की नजरें ना सिर्फ इस मुकाबले में जीत हासिल कर अपनी हार का बदला लेने पर होगी तो वहीं अंकतालिका में उनके पास सीधे दूसरे नंबर पर भी पहुंचने का मौका रहने वाला है।
आईपीएल के मौजूदा सीजन में दोनों के टीमों के अभी तक के प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें राजस्थान रॉयल्स ने 10 मैच खेले हैं जिसमें वह 6 मैचों को जहां जीतने में कामयाब रहे हैं तो उन्हें सिर्फ चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, जिसमें उनके 12 अंक हैं और अंकतालिका में चौथे नंबर पर काबिज हैं। वहीं दूसरी तरफ शुभमन गिल की कप्तानी में खेल रही गुजरात टाइटंस ने भी अब तक 10 मैच खेलते हुए 6 में जीत हासिल की है और वह 12 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर हैं।
अब तक गुजरात टाइटंस का दिखा है पलड़ा भारी
राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल में हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें जीटी का पलड़ा अब तक साफतौर पर भारी देखने को मिला है। दोनों टीमों के बीच आईपीएल में अब तक कुल 9 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने जहां सिर्फ तीन मैचों में जीत दर्ज की है तो वहीं गुजरात टाइटंस 6 मुकाबलों को अपने नाम करने में कामयाब रही है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल तीन बार भिड़ंत देखने को मिली है, जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने जहां सिर्फ एक मुकाबला जीता है तो वहीं गुजरात टाइटंस दो मैच अपने नाम करने में कामयाब रही है।
वैभव सूर्यवंशी और शुभमन गिल पर रहेगी नजरें
इस मुकाबले में जिन दो खिलाड़ियों पर सबसे ज्यादा सभी की नजरें रहने वाली हैं वह राजस्थान रॉयल्स टीम के 15 साल के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के अलावा गुजरात टाइटंस टीम के कप्तान शुभमन गिल है। वैभव का बल्ला अब तक इस सीजन जमकर बोलते हुए देखने को मिला है जिसमें वह 400 से अधिक रन बना चुके हैं वहीं शुभमन गिल का भी फॉर्म इस सीजन शानदार रहा है, ऐसे में इन दोनों का प्रदर्शन इस मुकाबले के परिणाम को काफी कुछ तय करेगा।
ये भी पढ़ें