Ruturaj Gaikwad Record: भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में जूझ रही है, इसी बीच रुतुराज गायकवाड ने नया कारनामा किया है। खास बात ये है कि रुतुराज गायकवाड भारत के लिए किसी भी फॉर्मेट में इंटरनेशनल मैच नहीं खेल रहे हैं, लेकिन उन्हें जहां भी मौका मिलता है, वे कमाल की पारी खेलकर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। अब गायकवाड ने जो काम किया है, उसमें भारतीय बल्लेबाज के रूप में केवल केएल राहुल ही उनसे आगे हैं।
रुतुराज गायकवाड इस वक्त सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। बुधवार से ही ये टूर्नामेंट शुरू हुआ है। इस मैच में बल्लेबाजी के लिए आने के कुछ ही देर बार रुतुराज गायकवाड ने टी20 क्रिकेट में अपने पांच हजार रन पूरे कर लिए। ध्यान रखिएगा, यहां उन्होंने जो पांच हजार रन बनाए हैं, उसमें आईपीएल, टी20 इंटरनेशनल और डोमेस्टिक क्रिकेट में बनाए गए रन भी शामिल हैं। वे टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 5000 रन बनाने वाले भारत के दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं। अब केवल केएल राहुल ही उनसे आगे हैं।
टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 5 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज क्रिस गेल हैं, जिन्होंने केवल 132 पारियां खेलकर इस मुकाम को हासिल कर लिया था। बात अगर भारतीय बल्लेबाज की करें तो उसमें केएल राहुल पहले नंबर पर आते हैं। उन्होंने 143 टी20 पारियां खेलकर पांच हजार रन का आंकड़ा छूने का काम किया है। इसके बाद अब रुतुराज गायकवाड का नाम आ गया है। गायकवाड ने अब तक 145 पारियां खेलकर इस मुकाम केा छू लिया है। इस दौरान गायकवाड के बल्ले से 6 शतक और 35 अर्धशतक आए हैं। उनका औसत भी यहां 39.33 का है और वे 140 से भी अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हैं।
इतने शानदार आंकड़े होने के बाद भी रुतुराज गायकवाड भारत के लिए कोई भी फॉर्मेट नहीं खेल रहे हैं। हालांकि वे आईपीएल खेल रहे हैं और सीएसके की टीम ने उन्हें इस बार भी रिटेन किया हुआ है। इतना ही नहीं, उन्हें अगले साल होने वाले आईपीएल के भी टीम ने अपना कप्तान बनाया है। अब देखना होगा कि बीसीसीआई सेलेक्शन कमेटी की नजर कब तक गायकवाड की ओर जाती है और उनकी वापसी भारतीय टीम में हो पाती है।
यह भी पढ़ें
साई सुदर्शन के लिए करो या मरो, इस सीरीज में पहली बार किसी बल्लेबाज ने किया ये कमाल
संपादक की पसंद