1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SA20: आखिरी ओवर का रोमांच, 6 गेंद पर चाहिए थे 14 रन; नवीन उल हक ने यूं पलट दी बाजी

SA20: आखिरी ओवर का रोमांच, 6 गेंद पर चाहिए थे 14 रन; नवीन उल हक ने यूं पलट दी बाजी

 Written By: Vanson Soral
 Published : Jan 11, 2025 07:15 am IST,  Updated : Jan 11, 2025 07:15 am IST

SA20 के दूसरे मैच में अफगान गेंदबाज नवीन उल हक की शानदार गेंदबाजी के दम पर डरबन सुपर जायंट्स ने प्रिटोरिया कैपिटल्स को 2 रनों से मात दे दी।

SA20 - India TV Hindi
डरबन सुपर जायंट्स बनाम प्रिटोरिया कैपिटल्स Image Source : SA20

SA20: साउथ अफ्रीका की T20 लीग यानी SA20 का 9 जनवरी से आगाज हो चुका है। पहले दिन MI केप टाउन ने डिफेंडिंग चैंपियन सनराइजर्स ईस्टर्न केप को मात दी। इसके बाद अगले दिन यानी 10 जनवरी को टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला डरबन सुपर जायंट्स और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच खेला गया जिसमें जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। ये मुकाबला आखिरी ओवर की आखिरी गेंद तक गया लेकिन अंत में डरबन सुपर जायंट्स 2 रनों से मैच जीतने में कामयाब रहा। टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए डरबन सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। डरबन सुपर जायंट्स के लिए केन विलियमसन ने सबसे ज्यादा 60 रनों की पारी खेली जबकि ब्राइस पार्सन्स ने 47 रनों की पारी खेली। इसके अलावा वियान मुल्डर ने 45 रनों का योगदान दिया।प्रिटोरिया कैपिटल्स की ओर से सेनुरन मुथुसामी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए। 

डरबन सुपर जायंट्स के 209 रनों के स्कोर के जवाब में प्रिटोरिया कैपिटल्स का आगाज धमाकेदार रहा। विल जैक्स और रहमानुल्लाह गुरबाज की सलामी जोड़ी ने शानदार अंदाज में पारी का आगाज किया। दोनों ने अर्धशतक जड़ते हुए पहले विकेट के लिए 154 रनों की साझेदारी की। गुरबाज के रुप में प्रिटोरिया को 13वें ओवर में पहला झटका लगा। गुरबाज सिर्फ 11 रनों से अपने शतक से चूक गए। सलामी बल्लेबाज ने 43 गेंदों पर 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 89 रनों की पारी खेली।

डेथ ओवर्स में लगी विकेट की झड़ी

गुरबाज के बाद तो विकेट की झड़ी लग गई। राइली रूसो और विल जैक्स भी 15वें ओवर तक चलते बने। रूसो सिर्फ 1 रन बना सके जबकि विल जैक्स ने 64 रनों की पारी खेली। 15वें ओवर की समाप्ति तक टीम ने 3 विकेट खोकर 177 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए। आखिरी के 5 ओवरों में प्रिटोरिया को 33 रनों की दरकार थी और टीम की जीत आसान नजर आ रही थी लेकिन आखिरी ओवर में कुछ ऐसा हुआ कि पूरा मैच ही पलट गया।

डरबन की कसी हुई गेंदबाजी के चलते प्रिटोरिया डेथ ओवर्स में रन बनाने के लिए संघर्ष करता नजर आया। इस दौरान विकेट गिरने का सिलसिला भी जारी रहा। 19 ओवर तक टीम ने 6 विकेट खोकर 196 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए थे और अब आखिरी ओवर में जीत के लिए 14 रनों की दरकार थी।

नवीन ने दिखाया दम 

आखिरी ओवर में गेंदबाजी करने आए नवीन उल हक जिन्होंने शानदार गेंदबाजी से प्रिटोरिया लक्ष्य से 3 रन पहले ही रोक दिया। उन्होंने इस आखिरी ओवर में सिर्फ 11 रन दिए और इस तरह प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 2 रनों के मामूली अंतर से मैच जीतते हुए टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज शानदार अंदाज में किया। प्रिटोरिया को आखिरी गेंद पर चौके की दरकार थी लेकिन स्टीव स्टोल्क गेंदबाज नवीन की आखिरी गेंद पर सिर्फ सिंगल ही ले सके।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल