1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. U19 World Cup: IND vs PAK मैच से पहले सचिन तेंदुलकर ने युवा प्लेयर्स को दिया 'गुरु मंत्र', BCCI ने शेयर की तस्वीरें

U19 World Cup: IND vs PAK मैच से पहले सचिन तेंदुलकर ने युवा प्लेयर्स को दिया 'गुरु मंत्र', BCCI ने शेयर की तस्वीरें

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jan 31, 2026 07:26 am IST,  Updated : Jan 31, 2026 07:28 am IST

सचिन तेंदुलकर ने इंडिया अंडर 19 क्रिकेट टीम से पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले से पहले वर्चुअली बात की। इस दौरान उन्होंने टीम को जीत का गुरु मंत्र भी दिया।

Sachin Tendulkar Team india- India TV Hindi
सचिन तेंदुलकर टीम इंडिया के प्लेयर्स के साथ Image Source : X@BCCI

Under 19 वर्ल्ड कप में 1 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जाएगा। इस वर्ल्ड कप में पहली बार ये दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। इस अहम मुकाबले से पहले क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों से बात की और उन्होंने प्लेयर्स को जीत का गुरुमंत्र दिया। भारतीय टीम ने अपने सभी मुकाबले जीतकर इस वक्त शानदार फॉर्म में है और वह मजबूती से सेमीफाइनल की ओर कदम बढ़ा चुकी है। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम सभी डिपार्टमेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही है।

ग्रुप बी से इंग्लैंड पहुंच चुका है सेमीफाइनल में

इंग्लैंड ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। इसके बाद रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला और भी अहम हो गया है। सुपर सिक्स ग्रुप बी से नॉकआउट चरण में अब सिर्फ एक ही टीम जगह बना पाएगी। ऐसे में टीम इंडिया पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी। सचिन ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही भारतीय टीम के खिलाड़ियों से पाकिस्तान के खिलाफ अहम सुपर सिक्स मुकाबले से पहले वर्चुअली बातचीत की।

BCCI ने शेयर की सचिन तेंदुलकर के साथ बातचीत की तस्वीरें

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने ‘एक्स’ पर वर्चुअल मुलाकात की तस्वीरों के साथ एक पोस्ट में लिखा कि यह अनुभव बेहद महत्वपूर्ण रहा जिसमें अगली पीढ़ी को लगातार बदलते खेल में सफलता और लंबे करियर के लिए अहम जानकारियां और दृष्टिकोण मिला। बीसीसीआई ने आगे कहा कि यह बातचीत ‘महज तकनीकी कौशल और फिट रहने तक सीमित नहीं थी बल्कि इसमें एकाग्रता बनाए रखने, अनुशासन, विनम्रता और सफलता के बावजूद जमीन से जुड़े रहने के महत्व पर भी जोर दिया गया।

भारत ने पहले सुपर-6 मैच में दर्ज की थी धमाकेदार जीत

इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 65 रनों की जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। वहीं अफगानिस्तान ने भी आयरलैंड को 191 रनों के बड़े अंतर से हराया है। ऐसे में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला एक तरह का नॉकआउट मुकाबला बन गया है, क्योंकि ग्रुप 2 से अब केवल एक ही टीम नॉकआउट में पहुंच पाएगी। भारत ने इससे पहले क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए अपने पहले सुपर सिक्स मैच में जिम्बाब्वे पर 204 रनों की बड़ी जीत हासिल की। उस मैच में ​​विहान मल्होत्रा ​​के शानदार शतक और अभिज्ञान कुंडू के बेहतरीन अर्धशतक की बदौलत भारत ने आसानी से जीत दर्ज की थी। भारत बनाम पाकिस्तान मैच के दौरान सभी की नजरें एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी पर रहने वाली हैं।

यह भी पढ़ें

U19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में तीन टीमों के नाम हुए तय, अब भारत-पाकिस्तान के मैच पर सभी की नजरें

T20 World Cup 2026 के लिए हुआ स्क्वाड का ऐलान, गुजरात में जन्मा खिलाड़ी संभालेगा कप्तानी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल