Salman Nizar: T20 क्रिकेट में तूफानी बल्लेबाजी अक्सर देखने को मिलती है, लेकिन केरल क्रिकेट लीग 2025 के एक मुकाबले में दर्शकों ने ऐसी तूफानी बल्लेबाजी देखी, जिसने सबको हैरान कर दिया। सलमान निजार नाम के बल्लेबाज ने पारी के अंतिम दो ओवरों में ऐसा तांडव मचाया कि गेंदबाजों की जमकर धुनाई हो गई। उन्होंने मात्र 12 गेंदों पर 11 छक्के जड़ते हुए 71 रन ठोक डाले। यह मुकाबला 30 अगस्त को अदानी तिरुवनंतपुरम रॉयल्स और कालीकट ग्लोबस्टार्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कालीकट की टीम 18 ओवर में 6 विकेट पर 115 रन ही बना सकी थी। उस वक्त पल्लम मुहम्मद 2 रन और सलमान निजार 17 रन बनाकर क्रीज पर टिके थे।
2 ओवर में बटोरे 71 रन
इसके बाद 19वें ओवर में सलमान निजार ने गियर बदला और तिरुवनंतपुरम के तेज गेंदबाज बासिल थम्पी पर जमकर हमला बोला। सलमान ने इस ओवर में लगातार 5 छक्के लगाते हुए कुल 31 रन बटोरे और मैच का माहौल पूरी तरह पलट दिया। ओवर की आखिरी गेंद पर सिंगल लेकर उन्होंने स्ट्राइक भी अपने पास रखी।
20वें ओवर में सलमान ने अपना कहर और बढ़ा दिया। इस बार उनका सामना गेंदबाज अभिजीत प्रवीण वी से था। उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा, इसके बाद एक वाइड और नो बॉल भी आई। अगली पांच गेंदों पर सलमान ने एक-एक करके सभी को स्टैंड में भेजते हुए लगातार 6 छक्कों का कमाल कर दिया। इस तरह आखिरी ओवर से ही उन्होंने 40 रन ठोक डाले।
सोशल मीडिया पर VIDEO वायरल
सलमान निजार की इस विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर कालीकट ग्लोबस्टार्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 186 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। निजार ने सिर्फ 26 गेंदों पर नाबाद 86 रन बनाए, जिसमें 12 छक्के शामिल थे। खास बात यह रही कि उनकी पारी में एक भी चौका नहीं था। सलमान की इस धमाकेदार पारी ने बता दिया कि T20 क्रिकेट में एक बल्लेबाज कुछ ही गेंदों में मैच का पूरा पासा पलट सकता है। सलमान निजार की इस तूफानी पारी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। क्रिकेट फैंस आखिरी के 2 ओवरों में 11 छक्कों को देखने के बाद धाकड़ बल्लेबाज की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
35 साल के भारतीय क्रिकेटर ने उठाया बड़ा कदम, इस टीम का थामा हाथ
एशिया कप 2025 मैचों की टाइमिंग में बड़ा बदलाव, अब इतने बजे शुरू होंगे मुकाबले