इंग्लैंड की मशहूर लीग द हंड्रेड का समापन हो गया है। वैसे तो ये 100 बॉल का खेल है, लेकिन इसे भी टी20 क्रिकेट में ही गिना जाता है। इस साल के फाइनल में लंदन स्पिरिट और ओवल इनविंसिबल्स की टीमें आमने सामने हुई। ओवल इनविंसिबल्स ने फाइनल मैच 6 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस टीम के कप्तान सैम बिलिंग्स हैं, जो इंग्लैंड के खिलाड़ी हैं। अहम बात ये है कि सैम बिलिंग्स का कप्तान के तौर पर ये पांचवां खिताब है। इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मलिक की बराबरी कर ली है। हालांकि एमएस धोनी अभी भी पहले नंबर पर है, वहीं रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं।
एमएस धोनी पहले नंबर पर अभी भी बने हुए हैं
टी20 खिताब जीतने के मामले में एमएस धोनी पहले नंबर पर हैं। वे अब तक कुल मिलाकर 9 टी20 ट्रॉफी अपनी कप्तानी में जीत चुके हैं। ध्यान रखिएगा कि इसमें आईपीएल और बाकी ट्रॉफियां शामिल हैं। एमएस धोनी ने आईपीएल के अलावा टी20 वर्ल्ड कप और एशिया कप भी जीते हैं, इसके साथ ही उनकी टीम चैंपियंस लीग भी जीतने में कामयाब रही है। उनसे थोड़ा सा ही पीछे अब रोहित शर्मा हैं। रोहित शर्मा अब तक अपनी कप्तानी में 8 टी20 खिताब जीत चुके हैं। इसमें आईपीएल के अलावा बाकी ट्रॉफियां भी शामिल हैं।
शोएब मलिक ने भी जीती हैं पांच टी20 ट्रॉफी
बात अगर सैम बिलिंग्स की करें तो वे अब तक 4 टी20 खिताब जीतने में सफल रहे हैं। इस बार द हंड्रेंड का खिताब जीतने के बाद उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान रहे शोएब मलिक की बराबरी कर ली है, वे भी 5 टी20 ट्रॉफियां जीत चुके हैं। कप्तान के तौर पर सैम बिलिंग्स ने जिस तरह की छाप छोड़ी है, वो काबिलेतारीफ है। अभी तो शायद नहीं, लेकिन आने वाले वक्त में वे इंग्लैंड के भी कप्तान हो सकते हैं।
अभी हैरी ब्रूक है इंग्लैंड के टी20 कप्तान
अभी हाल ही में हैरी ब्रूक को इंग्लैंड ने अपना टी20 कप्तान बनाया है, जिन्होंने 3 टी20 मैचों में कप्तानी करते हुए तीनों जीते हैं। यानी हाल में तो सैम बिलिंग्स को कप्तानी भले ही ना सौंपी जाए, लेकिन द हंड्रेंड के प्रदर्शन को देखते हुए आने वाले वक्त में उनकी दावेदारी जरूर मजबूत नजर आती है। देखना होगा कि ईसीबी क्या फैसला करता है। कुल मिलकर सैम ने तो खुद को साबित कर ही दिया है।