ICC U19 World Cup: प्रशांत महासागर के छोटे से देश समोआ की महिला क्रिकेट टीम ने एक बार फिर बड़ा कारनामा कर दिखाया है। शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने लगातार दूसरी बार U19 महिला T20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है और इस बार उनका सफर पहले से भी ज्यादा दमदार रहा। बता दें, समोआ की आबादी 2 लाख से थोड़ी ही ज्यादा है।
पापुआ न्यू गिनी में खेले गए 2026 ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालिफायर में समोआ ने बिना कोई मैच गंवाए ट्रॉफी अपने नाम की। ICC की रिपोर्ट के मुताबिक, ओलिव लेफागा लेमोए की कप्तानी में टीम ने फिजी, इंडोनेशिया, वानुअतु और मेजबान पापुआ न्यू गिनी को हराकर खिताब जीता।
पूरे टूर्नामेंट में किया शानदार प्रदर्शन
फाइनल दिन समोआ ने फिजी को हराकर अपने अभियान का शानदार अंत किया। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 130 रन बनाए, जिसमें अवेटिया मापू ने 62 गेंदों में नाबाद 67 रन की अहम पारी खेली। इसके बाद गेंदबाजों ने कमाल करते हुए फिजी को सिर्फ 72 रन पर रोक दिया और आसान जीत दर्ज की।
टूर्नामेंट की शुरुआत में ही समोआ ने वानुअतु को 58 रन से हराकर अपने इरादे साफ कर दिए थे। इसके बाद इंडोनेशिया के खिलाफ 53 रन की जीत मिली। हालांकि तीसरे मैच में पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ टीम सिर्फ 58 रन पर सिमट गई, लेकिन गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए विपक्षी टीम को 48 रन पर ढेर कर दिया। हार्डिया पड्डा (4/9) और टेलेसिया वाओआला गैब्रियल (4/7) इस मुकाबले की हीरो रहीं।
रीजनल क्वालिफिकेशन के जरिए जगह बनाने वाली पहली टीम
आखिरी मैच में भी टेलेसिया वाओआला गैब्रियल ने 4 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि पड्डा ने भी किफायती गेंदबाजी की। अब लेफागा लेमोए की कप्तानी में समोआ की नजर अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दर्ज करने पर होगी, क्योंकि 2024 के टूर्नामेंट में टीम जीत हासिल नहीं कर सकी थी।
गौरतलब है कि समोआ इस बार रीजनल क्वालिफिकेशन के जरिए वर्ल्ड कप में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी है, जबकि अगली टीम का फैसला एशिया रीजन क्वालिफायर से होगा। इससे पहले 2024 में भी समोआ ने ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालिफायर जीतकर इतिहास रचा था। यह पहली बार था जब समोआ ने पुरुष या महिला क्रिकेट में किसी भी फॉर्मेट या आयु कैटेगिरी के वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया था।
यह भी पढ़ें:
ODI World Cup 2027: आईसीसी विश्व कप में दिखेगा अनोखा नजारा, क्या अपने ही हो जाएंगे बेगाने!
SRH vs RR: कौन जीतेगा आज का मैच, कितने बजे शुरू होगा हैदराबाद बनाम राजस्थान मुकाबला