1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. संजू सैमसन का पहले ही मैच में धमाका, SMAT में रच दिया नया इतिहास

संजू सैमसन का पहले ही मैच में धमाका, SMAT में रच दिया नया इतिहास

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Nov 26, 2025 11:04 pm IST,  Updated : Nov 26, 2025 11:04 pm IST

संजू सैमसन ने पहले ही मैच में धमाका कर दिया है। संजू ने अपने साथी रोहन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 177 रनों की शानदार पार्टनरशिप कर डाली।

Sanju Samson - India TV Hindi
संजू सैमसन Image Source : PTI

Syed Mushtaq Ali Trophy 2025: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2025 का 26 नवंबर से आगाज हो चुका है, जिसमें टीम इंडिया के कई बड़े सितारे शिरकत कर रहे हैं। टीम इंडिया के धाकड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन भी इस घरेलू T20 टूर्नामेंट का हिस्सा हैं और केरल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। संजू ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में केरल के लिए पहले ही मैच में कमाल कर दिया है। संजू सैमसन ने ओडिशा के खिलाफ बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया।

केरल ने दर्ज की धमाकेदार जीत

लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम ‘बी’ में खेले गए मुकाबले में केरल ने संजू सैमसन और उनके जोड़ीदार रोहन की बदौलत ओडिशा को 10 विकेट से हराते हुए धमाकेदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओडिशा ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन बनाए। जवाब में केरल की सलामी जोड़ी ने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया और 16.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

केरल के सलामी बल्लेबाज रोहन एस. कुन्नुम्मल और संजू सैमसन ने 177 रनों की शानदार साझेदारी की और नाबाद लौटे। इस तरह रोहन एस. कुन्नुम्मल और संजू सैमसन ने मिलकर नया इतिहास रच दिया। दरअसल, रोहन और संजू की 177 रनों की नाबाद साझेदारी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। इस जोड़ी ने गुजरात के ऊर्विल पटेल और आर्या देसाई द्वारा बनाए गए 174 रन के ताजा रिकॉर्ड को ध्वस्त किया। यही नहीं, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास की यह किसी भी विकेट के लिए चौथी बड़ी साझेदारी भी बन गई है।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे बड़ी पार्टनरशिप 

213- सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर (मुंबई)

202*- अब्दुलाहाद मालेक और मनप्रीत जुनेजा (गुजरात)
199- एसपी सेनापति और संदीप पटनायक (ओडिशा)
177- रोहन एस. कुन्नुम्मल और संजू सैमसन (केरल)
174 - ऊर्विल पटेल और आर्या देसाई (गुजरात)
149- योगेश टकावले और साईराज बहुतुले (महाराष्ट्र)

संजू ने जड़ा शानदार अर्धशतक

इस रिकॉर्ड साझेदारी में रोहन ने 60 गेंदों पर नाबाद 121 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि कप्तान संजू सैमसन ने 41 गेंदों पर 51 रन बनाकर उनका पूरा साथ दिया। सैमसन ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 6 चौके और एक छक्का जड़ा। अब केरल की टीम अपने दूसरे मुकाबले में रेलवे का सामना करेगी। यह मुकाबला 28 नवंबर को लखनऊ में खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें

IND vs SA: गुवाहाटी टेस्ट में हार पर कप्तान पंत का फूटा गुस्सा, कहा - हमें अपनी सोच को लेकर साफ होना था

शर्म मगर इनको आती नहीं, टीम इंडिया ने तोड़ डाला 21 साल पुराना ऐतिहासिक कीर्तिमान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल