1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऐसे तो बर्बाद हो जाएगा इस खिलाड़ी का करियर! सूर्यकुमार यादव को लेना होगा बड़ा फैसला

ऐसे तो बर्बाद हो जाएगा इस खिलाड़ी का करियर! सूर्यकुमार यादव को लेना होगा बड़ा फैसला

 Published : Aug 20, 2025 01:17 pm IST,  Updated : Aug 20, 2025 01:17 pm IST

एशिया कप में जब टीम इंडिया मैदान में उतरेगी तो कौन सा खिलाड़ी किस नंबर पर खेलेगा, इसको लेकर पेच फंसा हुआ है। खास तौर पर ओपनिंग जोड़ी क्या होगी, इस पर से पर्दा नहीं हटा है।

suryakumar yadav and sanju samson- India TV Hindi
सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन Image Source : GETTY

एशिया कप 2025 के​ लिए बीसीसीआई ने टीम को चुन ली है, लेकिन अब इसको लेकर तरह तरह के सवाल उठ रहे हैं। खास तौर पर इस टूर्नामेंट में ओपनिंग कौन करेगा, ये यक्ष प्रश्न है, अभी तक जो संभावनाएं हैं, अगर वहीं हुआ तो फिर एक खिलाड़ी का करियर करीब करीब बर्बादी की ओर चल जाएगा। ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव को इस पूरे मामले में अहम और बड़ा फैसला खुद ही लेना होगा। 

एशिया कप के लिए चुने गए हैं तीन ओपनर

दरअसल बीसीसीआई ने एशिया कप के​ लिए एक तरह से देखें तो तीन ओपनर चुने हैं। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन तो पहले सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे थे, जो अभी भी टीम में हैं, लेकिन अब नया नाम शुभमन गिल का भी जुड़ गया है। गिल को इस टीम में उपकप्तान भी बनाया गया है, यानी उनका प्लेइंग इलेवन में खेलना करीब करीब तय सा है। लेकिन शुभमन कहां खेलेंगे। अभिषेक शर्मा जिस तरह की विस्फोटक बल्लेबाजी करते हैं, उससे पक्का है कि एक ओपनर तो वे ही होंगे। अब दूसरे को लेकर जंग है। अगर शुभमन गिल दूसरे ओपनर हुए तो फिर संजू सैमसन का स्लॉट छिन जाएगा। या ​तो वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं होंगे और अगर होंगे भी तो उन्हें नीचे खेलना होगा। अगर ऐसा हुआ तो फिर संजू के लिए इससे बुरा कुछ भी नहीं हो सकता। 

ओपनिंग करते हुए छा जाते हैं संज सैमसन

संजू सैमसन के अब तक के टी20 इंटरनेशनल करियर की बात की जाए तो उन्होंने जो भी कमाल की पारियां खेली हैं, वो सभी ओपनिंग करते हुए खेली हैं, जब भी वे नीचे के क्रम में बल्लेबाजी के लिए आए, उनका बल्ला उस तरह से नहीं चला है, ​जिसकी उम्मीद उनसे की जाती है। चलिए आपको एक नजर में सारे आंकड़े समझाते हैं। संजू सैमसन ने टी20 इंटरनेशनल में सलामी बल्लेबाज के तौर पर 17 मुकाबले खेले हैं। इसमें उनके नाम 522 रन दर्ज हैं। इसमें संजू का औसत 32.6 का है और वे 178.8 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते रहे हैं। ओपनिंग करते हुए संजू सैमसन ने तीन शतक और एक अर्धशतक लगाने में कामयाबी हासिल की है। उनका सर्वाधिक स्कोर 111 रन का भी इस नंबर पर आया है। 

अब तक ऐसा है संजू का टी20 इंटरनेशनल करियर

अ​ब संजू सैमसन के टी20 इंटरनेशनल करियर पर नजर डालते हैं। उन्होंने अब तक 42 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 861 रन बनाए हैं। उनका औसत 25.32 का है और यहां वे 152.38 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं। अपने करियर में संजू ने तीन शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं। अब दोनों आंकड़ों को अगर आप गौर से देखें तो साफ है कि संजू आज जो कुछ भी हैं, वो ओपनर के तौर पर हैं, नीचे उनका खेल निखरकर नहीं आता है। 

सूर्यकुमार यादव के तय करने होंगे खिलाड़ियों के नंबर

ऐसे में अब एशिया कप के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव को ये तय करना होगा कि संजू से वे ओपनिंग कराते हैं या फिर नीचे के क्रम में मौका देते हैं। करने को तो सूर्या ये भी कर सकते हैं कि अ​भिषेक के साथ संजू सैमसन से पारी का आगाज कराएं और शुभमन गिल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आएं। ऐसे में सूर्यकुमार यादव नंबर चार पर ही आ जाएंगे। प्लेइंग इलेवन बनाने और किस नंबर पर कौन सा बल्लेबाज खेलेगा, इसका फैसला कप्तान को ही करना होता है। अब देखना है कि सूर्या इस पूरे मामले को लेकर क्या निर्णय करते हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल