1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2025: संजू सैमसन ने अपने पहले ही मैच में धोनी को दिया था पछाड़, किसी को नहीं हुई कानों-कान खबर

IPL 2025: संजू सैमसन ने अपने पहले ही मैच में धोनी को दिया था पछाड़, किसी को नहीं हुई कानों-कान खबर

 Written By: Vanson Soral
 Published : Mar 31, 2025 01:17 pm IST,  Updated : Mar 31, 2025 01:17 pm IST

IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने अपना पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेला था। इस मैच में संजू ने 4 छक्कों की बदौलत 66 रनों की पारी खेली थी।

Sanju Samson- India TV Hindi
संजू सैमसन Image Source : AP

IPL 2025 का 22 मार्च को आगाज हुआ था और राजस्थान रॉयल्स (RR) ने अपना पहला मैच 23 मार्च को खेला था, लेकिन टीम को अपनी पहली जीत दर्ज करने में लगभग एक हफ्ते का लंबा समय लग गया। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के हाथों बैक टू बैक हार झेलने के बाद राजस्थान को पहली जीत 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जाकर मिली। इस जीत में नीतीश राणा की धुआंधार 81 रनों की पारी और स्पिनर वानिंदु हसरंगा की शानदार गेंदबाजी का अहम योगदान रहा। हसरंगा ने 4 विकेट चटकाने का बड़ा कारनामा किया। रियान पराग ने 37 रनों की पारी खेली। वहीं, संजू सैमसन ने 16 गेंदों पर 20 रनों का योगदान दिया। इस मैच में संजू ने एक शानदार छक्का भी जड़ा, जो इस सीजन उनके बल्ले से निकला 5वां छक्का था। इससे पहले उन्होंने कोलकाता के खिलाफ 13 रनों की पारी खेली थी लेकिन कोई छक्का नहीं लगा सके थे। हालांकि, राजस्थान के लिए सीजन के पहले मैच में धमाकेदार पारी खेलते हुए उन्होंने एक बड़े रिकॉर्ड के मामले में धोनी को पछाड़ने का काम किया था, जिसकी तब ज्यादा चर्चा नहीं हुई थी। आइए जानते हैं उस कारनामे के बारें में जो संजू ने IPL 2025 में राजस्थान के पहले ही मैच में बनाया था। 

संजू ने धोनी को किया पीछे

दरअसल, संजू ने IPL के 18वें सीजन का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया था। SRH के खिलाफ 287 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 66 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 4 शानदार छक्के जड़े। इस तरह संजू ने T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी को पछाड़ दिया था। दरअसल, IPL 2025 से पहले T20 क्रिकेट में धोनी के नाम 338 जबकि संजू के नाम 337 छक्के थे, लेकिन SRH के खिलाफ मैच में 4 छक्के जड़ते ही राजस्थान के नियमित कप्तान संजू पूर्व भारतीय कप्तान धोनी से आगे निकल गए। धोनी मुंबई के खिलाफ CSK के पहले मैच में एक भी छक्का नहीं लगा सके थे लेकिन अगले 2 मैचों में वह 3 छक्के जड़ने में सफल रहे। वहीं, संजू IPL 2025 में 5 छक्के अपने नाम कर चुके हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि धोनी और संजू दोनों में से कौन इस सीजन के अंत तक सबसे ज्यादा छक्के जड़ने में सफल होता है। 

350+ छक्के सिर्फ रोहित और विराट के नाम 

T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाजों में संजू अब चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं जबकि धोनी पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं। सबसे ज्यादा T20 छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। उनके नाम 525 छक्के हैं। विराट कोहली 420 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। सूर्यकुमार यादव का नंबर तीसरा है। 

T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज

  • रोहित शर्मा- 525
  • विराट कोहली- 420
  • सूर्यकुमार यादव- 347
  • संजू सैमसन- 342
  • एमएस धोनी- 341

यह भी पढ़ें:

जीत के बाद नीतीश राणा ने खोला विस्फोटक पारी का राज, बताया किसका था नंबर-3 पर भेजने का फैसला

CSK के खिलाफ राजस्थान के स्पिनर ने रच दिया इतिहास, IPL में सिर्फ तीसरी बार हुआ ऐसा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल