Sarfaraz Khan Century: टीम इंडिया में अपना डेब्यू करने के बाद सरफराज खान ने अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन इसके बाद भी जब इंग्लैंड टूर पर भारतीय टीम गई तो उसमें सरफराज का नाम गायब था। इस बीच जैसे ही सरफराज को मौका मिला, उन्होंने शतकों की लाइन सी लगा दी है। खास बात ये है कि आठ दिन के अंतराल में ये सरफराज खान का दूसरा शतक है। इस तरह से उन्होंने एक बार फिर से टीम इंडिया में एंट्री की दावेदारी पेश कर दी है।
बूची बाबू टूर्नामेंट खेल रहे हैं सरफराज खान
सरफराज खान एक बार फिर से अपने रन बनाने के मिशन में जुट गए हैं। वे इस वक्त बूची बाबू टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। हरियाणा के खिलाफ मुंबई की ओर से खेलते हुए सरफराज ने सैकड़ा ठोक दिया। खास बात ये है कि उनका ये शतक केवल 99 बॉल पर आया। यानी वे टेस्ट नहीं, बल्कि वनडे स्टाइल में बल्लेबाजी कर रहे थे। मजे की बात ये है कि सरफराज ने बेखौफ अंदाज में छक्के लगाकर अपनी सेंचुरी पूरी करने का काम किया। इसके बाद उन्होंने 11 रन और बनाए, इसके बाद 111 रन पर आउट होकर पवेलियन लौट गए।
वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज के लिए ठोकी अपनी दावेदारी
इस टूर्नामेंट में सरफराज ने 18 अगस्त को ही एक सेंचुरी लगाई थी। इसके बाद उनकी ये दूसरी सेंचुरी है। सरफराज के ये दोनों शतक आक्रामक अंदाज में लगाए और टीम इंडिया में अपनी दावेदारी ठोकने का काम किया है। भले ही अगले महीने भारतीय टीम एशिया कप खेल रही हो, लेकिन अगला टेस्ट भी ज्यादा दूर नहीं है। अक्टूबर में ही वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर आ रही है और इसमें दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला 2 अक्टूबर से खेला जाएगा। यानी इसके लिए टीम इंडिया का सेलेक्शन सितंबर के आखिर में ही हो जाएगा। अब देखना होगा कि अजीत अगरकर और बाकी सेलेक्शन कमेटी सरफराज को फिर से मौका देती है या फिर इग्नोर कर जाती है।
अब तक ऐसा रहा है सरफराज का करियर
भारत के लिए उन्होंने 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 371 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उनका औसत 37.10 का रहा है और वे 74.94 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनका सबसे बड़ा स्कोर 150 रन का है। हालांकि प्रथम श्रेणी क्रिकेट में तो सरफराज का औसत 65 से भी ज्यादा का है। अब देखना है कि उनकी वापसी क्या वेस्टइंडीज सीरीज के दौरान होती है।