1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. PSL 2026 में शाहीन अफरीदी की शर्मनाक हरकत, आउट होने के बाद हुए आग बबूला, Video हुआ वायरल

PSL 2026 में शाहीन अफरीदी की शर्मनाक हरकत, आउट होने के बाद हुए आग बबूला, Video हुआ वायरल

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Apr 18, 2026 09:22 am IST,  Updated : Apr 18, 2026 09:24 am IST

Shaheen Afridi Video: लाहौर कलंदर्स टीम का प्रदर्शन पाकिस्तान सुपर लीग के जारी सीजन में काफी खराब रहा है। लगातार मैच हारने का दबाव टीम के कप्तान शाहीन अफरीदी पर साफ देखने को मिला रहा है।

Shaheen Afridi- India TV Hindi
शाहीन अफरीदी Image Source : X/SCREENGRAB

Shaheen Afridi Video: पाकिस्तान में इन दिनों पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के मुकाबले खेले जा रहे हैं। PSL के जारी सीजन में शाहीन अफरीदी की कप्तानी वाली टीम लाहौर कलंदर्स का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। इस सीजन अब तक खेले गए छह मैचों में से उनकी टीम को सिर्फ दो में जीत मिली है। लगातार मिल रहे हार का दबाव शाहीन अफरीदी पर साफतौर पर देखने को मिल रहा है। PSL 2026 में लाहौर ने अपना पिछला मैच क्वेटा ग्लैडिएटर्स से खेला था, इस मैच में शाहीन की टीम को छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

शाहीन ने गुस्से में तोड़ा अपना बल्ला

क्वेटा के खिलाफ मैच में शाहीन गेंदबाजी में सिर्फ एक विकेट ले पाए, वहीं जब उन्हें पहले बल्लेबाजी का मौका मिला तो वह बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। वह इस मैच में उस्मान तारिक की गेंद पर कैच आउट हुए। आउट होने के बाद शाहीन अफरीदी ने जो हरकत की, उसकी उम्मीद शायद किसी ने नहीं की थी। आउट होने के बाद शाहीन काफी गुस्से में नजर आए। पवेलियन लौटने के दौरान उन्होंने बाउंड्री लाइन से बाहर जाते ही अपना बैट साइट स्क्रीन के टायर पर दे मारा। इसके बाद शाहीन ने ड्रेसिंग रूम की सीढ़ियों पर अपने बल्ले को जोर से मारा। उन्होंने गुस्से में अपना बैट ही तोड़ दिया, इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

क्वेटा के गेंदबाजों ने किया कमाल का प्रदर्शन

उस्मान तारिक ने लाहौर के खिलाफ मैच में कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। उस्मान ने अब्दुल्लाह शफीक, शाहीन अफरीदी और सिकंदर रजा को पवेलियन भेजा। उनके अलावा जहांदाद खान ने भी 3 विकेट चटकाए, वहीं अल्जारी जोसफ को 2 विकेट मिले। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बदौलत क्वेटा की टीम लाहौर की टीम को 134 के स्कोर पर रोकने में कामयाब रही। जवाब में सऊद शकील की टीम ने इस टारगेट को 16.2 ओवर में हासिल कर लिया।

पॉइंट्स टेबल में कहां है लाहौर की टीम?

बता दें पाकिस्तान सुपर लीग के जारी सीजन में लाहौर कलंदर्स का हाल काफी खराब रहा है। टीम ने अब तक छह मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें दो में जीत मिली है और 4 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। लाहौर की टीम पॉइंट्स टेबल में 7वें नंबर पर है। इस सीजन PSL में पेशावर जाल्मी का प्रदर्शन शानदार रहा है, टीम ने अब तक 7 मैच खेले हैं जिसमें से उन्हें 6 में जीत मिली है। एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। 13 पॉइंट्स के साथ उनकी टीम टेबल में टॉप पर है।

यह भी पढ़ें

स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में तोड़ दिया रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड

MI-RCB वाले शर्मनाक रिकॉर्ड लिस्ट में शामिल हुआ KKR का नाम, 5 हार के बाद कोलकाता का हाल हुआ बेहाल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल