1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WTC में 5वें नंबर पर फिर भी ख्वाब ऊंचे-ऊंचे, शाहीन अफरीदी का बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से पहले आया बड़बोला बयान

WTC में 5वें नंबर पर फिर भी ख्वाब ऊंचे-ऊंचे, शाहीन अफरीदी का बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से पहले आया बड़बोला बयान

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : May 07, 2026 03:39 pm IST,  Updated : May 07, 2026 03:39 pm IST

BAN vs PAK: पाकिस्तान की टीम को 8 मई से बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसमें इसकी शुरुआत से पहले पाकिस्तानी टीम के स्टार गेंदबाज शाहीन अफरीदी का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने WTC खिताब जीतना लक्ष्य बताया है।

Shaheen Afridi- India TV Hindi
शाहीन अफरीदी Image Source : AFP

पाकिस्तान की टीम 8 मई से बांग्लादेश के दौरे पर खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए वहां कुछ दिन पहले पहुंच गई थी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा ये टेस्ट सीरीज दोनों ही टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है, जिसमें पाकिस्तानी टीम अभी इसमें 5वें नंबर पर है। वहीं बांग्लादेश की टीम 8वें नंबर पर है। इस टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला ढाका के शेर ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं इस टेस्ट सीरीज से पहले पाकिस्तानी टीम के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने ये साफ किया है कि उनकी टीम का लक्ष्य सिर्फ इस सीरीज को जीतना ही नहीं बल्कि इससे भी बड़ा है।

हम WTC जीतने की तैयारी कर रहे हैं

बांग्लादेश की टीम के खिलाफ पाकिस्तान ने पिछली टेस्ट सीरीज अपने घर पर खेली थी, जिसमें दो मुकाबले खेले गए थे और दोनों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसी को लेकर शाहीन अफरीदी ने कहा कि जो बीत गया, सो बीत गया। मैं निजी तौर पर इस बारे में अधिक सोचना नहीं चाहता। हमारा टारगेट अभी वर्तमान और भविष्य पर ध्यान केंद्रित करना है। हम सिर्फ एक सीरीज जीतने की नहीं, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतने की तैयारी कर रहे हैं। एक टीम के रूप में हमारे लक्ष्य बड़े हैं और हम इसके लिए तैयार हैं। हमें पाकिस्तान में इस टेस्ट सीरीज की तैयारी को लेकर समय मिला था और अब पिछले दो-तीन दिनों से हम यहां तैयारी कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि यहां के हालात हमारे अनुकूल होंगे, जिससे हम यहां अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेल सकें।

टेस्ट फॉर्मेट में हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा

शाहीन अफरीदी ने अपने बयान में आगे कहा कि हमने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस साइकल में अभी सिर्फ एक सीरीज खेली है जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर पर थी। हम उस सीरीज में सिर्फ एक टेस्ट मैच जीत सके और एक में हमें हार का सामना करना पड़ा। हम सिर्फ एक सीरीज पर ध्यान नहीं दे रहे हैं हमारा टारगेट फाइनल में जगह बनाना है जिसमें इस बात को पूरी टीम समझती है। बता दें कि अभी मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के साइकल में पाकिस्तानी टीम 5वें नंबर पर है जिसमें उसके अंकों का प्रतिशत 50 है।

पिछली तीन WTC में उनके प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें साल 2019-21 की WTC में पाकिस्तानी टीम ने 5वें नंबर पर खत्म किया था, इसके बाद साल 2021-23 WTC में 7वें नंबर पर रही थी, जबकि पिछली WTC 2023-25 में पाकिस्तान की टीम अंतिम पायदान 9वें नंबर पर रही थी। ऐसे में शाहीन अफरीदी का इस बार फाइनल में पहुंचने को लेकर आया ये बयान किसी बड़बोलापन से कम नजर नहीं आ रहा है।

ये भी पढ़ें

BAN vs PAK Test LIVE Streaming: भारत में टीवी पर नहीं मोबाइल पर बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान लाइव मुकाबला देखने का तरीका

पाकिस्तान नहीं जाएंगे ये ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी, मोहसिन नकवी की साजिश नाकाम

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल