मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2025 में 28 जून को MI न्यूयॉर्क और सीएटल ओर्कास के बीच मुकाबला खेला गया। इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में सिकंदर रजा की सीएटल की टीम ने MI न्यूयॉर्क को 3 विकेट से मात दी। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए MI न्यूयॉर्क की टीम निकोलस पूरन की शतकीय पारी के बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 237 रन बनाने कामयाब रही। इसके जवाब में सीएटल ओर्कास की टीम ने इस स्कोर को 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर हासिल किया। उनकी तरफ से शिमरन हेटमायर ने 97 रनों की नाबाद पारी खेली।
आपको बता दें कि ये MLC के इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज है। इससे पहले MLC में सबसे बड़ा रन चेज का रिकॉर्ड वाशिंगटन फ्रीडम के नाम था। इसी सीजन उन्होंने टेक्सास सुपर किंग्स के खिलाफ 221 रन का टारगेट हासिल किया था।
निकोलस पूरन ने खेली कप्तानी पारी
इस मुकाबले में MI न्यूयॉर्क की टीम को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला, जहां उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद नंबर तीन पर निकोलस पूरन बैटिंग करने के लिए आए। पूरन ने आते ही आक्रामक तेवर दिखाए और गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। उनका साथ दिया तजिंदर सिंह ढिल्लों ने। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 158 रनों पार्टनरशिप हुई। ढिल्लों 35 गेंदों में 95 रन बनाकर आउट हुए और शतक पूरा करने से चूक गए। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 8 छक्के लगाए। उनके आउट होने के बाद भी एक छोर से निकोलस पूरन ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 55 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। पूरन ने 60 गेंदों में 108 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। 20 ओवर खेलने के बाद उनकी टीम 237 रन बनाने में कामयाब रही।
आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर शिमरन हेटमायर ने दिलाई जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएटल ओर्कास की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। टीम को पहला झटका जोश ब्राउन के रूप में लगा जो 3 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि टीम के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों ने इस मैच में जबरदस्त बैटिंग की। कायल मेयर्स ने 20 गेंदों में 37 रन बनाए। वहीं सिकंदर रजा ने 333.33 की स्ट्राइक रेट से 9 गेंदों में 30 रनों की पारी खेली। इन सबके आउट होने के बाद नंबर 6 पर शिमरन हेटमायर बैटिंग करने के लिए आए और उन्होंने 40 गेंदों में 97 रनों की जबरदस्त पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 9 छक्के लगाए। आखिरी गेंद पर सीएटल की टीम को जीत के लिए छह रनों की जरूरत थी और हेटमायर ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। यह इस सीजन सीएटल की पहली जीत है।