श्रेयस अय्यर टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के नए कप्तान बनाए गए हैं, लेकिन उनका आगाज बहुत खराब हुआ है। आयरलैंड जैसी कमजोर मानी जाने वाली टीम से टीम इंडिया बैक टू बैक दो मैच हार गई और सीरीज में भी उसका सूपड़ा साफ हो गया। अब भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने सामने होने जा रही हैं। अगर कहीं आज का मुकाबला भी हाथ से गया तो फिर साल 2021 का इतिहास दोहरा दिया जाएगा, जो श्रेयस के लिए बहुत ज्यादा शर्मनाक हो सकता है।
सूर्यकुमार यादव को हटाकर श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है टीम इंडिया की कमान
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के बाद टीम इंडिया बढ़े हुए हौसले के साथ आयरलैंड पहुंची थी। टीम को करीब करीब वही थी, लेकिन सबसे बड़ा बदलाव ये हुआ कि कप्तान नया था। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने विश्व कप जीता था, लेकिन उन्हें हटाकर अचानक से श्रेयस अय्यर को कप्तानी की जिम्मेदारी दे दी गई, जिन्होंने खुद करीब तीन साल से भारत के लिए कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला था। टीम की जो हालत हुई, वो आपने कुछ दिन पहले देख ही ली है। अब इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम की चुनौती है।
साल 2021 में टीम इंडिया हारी थी बैक टू बैक चार टी20 इंटरनेशनल मैच
टीम इंडिया अगर इंग्लैंड से पहले टी20 इंटरनेशनल मैच हारती है तो इससे ज्यादा शर्मनाक श्रेयस अय्यर के लिए और कुछ नहीं होगा। भारतीय टीम बैक टू बैक यानी लगातार तीन टी20 इंटरनेशनल मैच इससे पहले साल 2021 में हारी थी। भारतीय टीम श्रीलंका से लगातार दो मैच हारकर आईसीसी टी20 विश्व कप 2021 में उतरी थी। वहां उसे पाकिस्तान और फिर न्यूजीलैंड से दो और मैच में हार मिली थी। यानी लगातार चार मैच भारतीय टीम हार गई थी। उसके बाद से अब तक कभी ऐसा नहीं हुआ कि टीम एक के बाद एक तीन मैच हारी हो, लेकिन अब श्रेयस की टीम उसी मुकाम पर आकर खड़ी हो गई है।
अय्यर की कप्तानी पर सवाल, खुद भी नहीं बना पा रहे हैं रन
श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस टीम से सूर्या ने विश्व कप का खिताब जीत लिया और उस टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन किया, उसी टीम के साथ श्रेयस अय्यर आयरलैंड से लगातार दो मैच हार गए। इतना ही नहीं, श्रेयस अय्यर का खुद का बल्ला भी नहीं चला और वे सस्ते में आउट हो गए। अगर इंग्लैंड सीरीज भी हाथ से जाती है तो फिर श्रेयस अय्यर पर और सवाल उठेंगे, साथ ही ये भी देखना होगा कि क्या श्रेयस इसके बाद भी कप्तानी की जिम्मेदारी उठाते रहेंगे या फिर इस पद से हट जाएंगे। आगामी इंग्लैंड सीरीज श्रेयस के करियर के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होने जा रही है।
यह भी पढ़ें
आज कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम इंग्लैंड टी20 मुकाबला, रात की नींद होगी खराब