1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं टीम इंडिया के कप्तान, तोड़ेंगे 19 साल पुराना रिकॉर्ड

इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं टीम इंडिया के कप्तान, तोड़ेंगे 19 साल पुराना रिकॉर्ड

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jul 20, 2025 06:40 pm IST,  Updated : Jul 20, 2025 06:42 pm IST

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल ने अब तक सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। इस सीरीज में टीम इंडिया फिलहाल 1-2 से पीछे चल रही है।

Shubman Gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : GETTY

Shubman Gill Record: इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल अब तक जबरदस्त लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने तीन मैचों में 600 से अधिक रन बना लिए हैं। दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर में खेला जाएगा। इस मैच में भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल के पास इतिहास रचने का मौका होगा। वह इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले एशियाई बल्लेबाज बन सकते हैं। ऐसा करने के लिए उन्हें मैनचेस्टर टेस्ट में सिर्फ 25 रन और बनाने होंगे।

मैनचेस्टर में इतिहास रच सकते हैं शुभमन गिल

इंग्लैंड के खिलाफ एक द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड एशियाई बल्लेबाजों के बीच पाकिस्तान के मोहम्मद युसूफ के नाम है। उन्होंने साल 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में 631 रन बनाए थे। वहीं गिल इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में तीन मैचों की 6 पारियों में 607 रन बना चुके हैं। उन्हें युसूफ के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए चौथे टेस्ट मैच में 25 रन और बनाने होंगे। इस सीरीज में अब तक गिल एक दोहरा शतक और दो शतक जड़ चुके हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर 269 रन है। अगर वह चौथे टेस्ट में 25 रन बना लेते हैं तो वह मोहम्मद युसूफ का 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं शुभमन गिल

इस मैच में शुभमन गिल के पास कुछ और भी रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। मैनचेस्टर टेस्ट मैच में गिल अगर 146 रन बना लेते हैं तो वह भारत और इंग्लैंड के बीच एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। यह रिकॉर्ड फिलहाल इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ग्राहम गूच के नाम है। उन्होंने 1990 में एक सीरीज में 752 रन बनाए थे।

गिल इसके साथ ही इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन सकते हैं। उनके पास यशस्वी जायसवाल को पीछे छोड़ने का मौका है। 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जायसवाल ने 712 रन बनाए थे। गिल को जायसवाल से आगे निकलने के लिए 106 रन और बनाने होंगे। अब इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट मैच में गिल कितने रिकॉर्ड अपने नाम करते हैं ये देखना दिलचस्प होगा।

यह भी पढ़ें

केएल राहुल इंटरनेशनल क्रिकेट में हासिल कर सकते हैं बड़ी उपलब्धि, सिर्फ इतने रनों की है जरूरत

अर्शदीप सिंह के बाद ये भारतीय खिलाड़ी भी हो गया चोटिल, चौथे टेस्ट से हो सकता है बाहर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल