इंग्लैंड दौरे से ही शुभमन गिल को भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी मिली है और इसके बाद से ही उनकी बल्लेबाजी में और निखार आया है। इंग्लैंड में जारी टेस्ट सीरीज में वह धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सीरीज के शुरुआती दोनों टेस्ट मैचों में शतक लगाए थे। अब चौथे टेस्ट में भी वह सधी हुई बल्लेबाजी कर रहे हैं और 46 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं।
यूसुफ को छोड़ा पीछे
इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में अर्धशतक लगाते ही शुभमन गिल इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले एशियन बैटर बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के मोहम्मद यूसुफ का रिकॉर्ड तोड़ा है। जारी टेस्ट सीरीज में गिल अभी तक 664 रन बना चुके हैं। वहीं यूसुफ ने 2006 में इंग्लैंड में हुई टेस्ट सीरीज में 631 रन बनाए थे। अब गिल ने उन्हें पीछे कर दिया है और वह इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में 650+ प्लस रन बनाने वाले पहले एशियन बल्लेबाज बने हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दिखाया कमाल
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में शुभमन गिल ने शतक लगाते हुए 147 रन बनाए थे। इसके बाद दूसरे टेस्ट में तो उन्होंने अंग्रेज गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी। उन्होंने पहली पारी में 269 रन और दूसरी पारी में 161 रन बनाए। उनकी वजह से ही भारतीय टीम दूसरा टेस्ट मैच 336 रनों से जीत पाई। तीसरे टेस्ट में जरूर वह अच्छा करने में विफल रहे। अब चौथे टेस्ट मैच में वह 46 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
भारतीय टीम के लिए लगा चुके 8 टेस्ट शतक
शुभमन गिल ने भारतीय टीम के लिए साल 2020 में टेस्ट डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 36 टेस्ट मैचों में कुल 2557 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 8 शतक और 7 अर्धशतक जड़े हैं। विराट कोहली के संन्यास के बाद गिल नंबर चार पर बल्लेबाजी करने उतर रहे हैं और टीम इंडिया के बैटिंग ऑर्डर की अहम कड़ी बने हुए हैं।
यह भी पढ़ें:
42 साल बाद टीम इंडिया का हुआ इतना बुरा हाल, जायसवाल और सुदर्शन की वजह से देखना पड़ा ये दिन
एशिया कप से हटे संकट के बादल, इस तारीख से होगी टूर्नामेंट की शुरुआत