1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शुभमन गिल ने लगाई सेंचुरी की हैट्रिक, अजहरुद्दीन और द्रविड़ वाले क्लब में बनाई जगह

शुभमन गिल ने लगाई सेंचुरी की हैट्रिक, अजहरुद्दीन और द्रविड़ वाले क्लब में बनाई जगह

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jul 02, 2025 11:59 pm IST,  Updated : Jul 02, 2025 11:59 pm IST

Shubman Gill Century Record: टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शतक लगाया है। इस शतकीय पारी के साथ उन्होंने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं।

Shubman Gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : GETTY

Shubman Gill Century Record: भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल इन दिनों शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में लगातार दो शतक जड़ दिए हैं। उन्होंने लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में शतक लगाया था, इसके बाद अब उन्होंने एजबेस्टन में खेले जा रहे मुकाबले में भी शतकीय पारी खेली है। आपको बता दें कि गिल के लिए यह इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीसरा टेस्ट शतक है। इस शतकीय पारी के साथ ही उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीन शतक लगाने के मामले में राहुल द्रविड़ और मोहम्मद अजहरुद्दीन की बराबरी कर ली है।

ऐसा करने वाले चौथे भारतीय बने शुभमन गिल

आपको बता दें कि शुभमन गिल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैचों में लगातार तीन शतक लगाने वाले चौथे भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। गिल से पहले अजहरुद्दीन (1984-1985), दिलीप वेंगसरकर (1985-1986) और राहुल द्रविड़ (2002, 2008-2011) ये कारनामा कर चुके हैं। गिल ने बर्मिंघम और लीड्स में शतक लगाया। उससे पहले उन्होंने मार्च 2024 में धर्मशाला में खेल गए टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 110 रनों की पारी खेली थी। आपको बता दें कि यह गिल के टेस्ट करियर का सातवां शतक है। भारत का टेस्ट कप्तान बनने के बाद से गिल अलग ही फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में लगातार तीन शतक लगाने वाले भारतीय

  • मोहम्मद अजहरुद्दीन (1984-1985)
  • दिलीप वेंगसरकर (1985-1986)
  • राहुल द्रविड़ (2002, 2008-2011)
  • शुभमन गिल (2024-2025)

गिल और जडेजा कर रहे हैं बल्लेबाजी

एजबेस्टन में खेले जा रहे इस टेस्ट मैच की बात करें तो वहां खेल का पहला दिन भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा। पहले दिन का अंत होने तक भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 310 रन बना लिए हैं। गिल 114 और रवींद्र जडेजा 41 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन दोनों के बीच अब तक 99 रनों की साझेदारी हो चुकी है। इससे पहले भारत के लिए यशस्वी जायसवाल 87 रन बनाकर आउट हुए थे। लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में शुभमन गिल ने 227 गेंदों में 147 रन बनाए थे। उस मुकाबले में भारत के बल्लेबाजों ने कुल 5 शतक लगाए थे, लेकिन फिर भी वहां टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच में इंग्लैंड ने चौथी पारी में 371 रन के टारगेट को बेहद आसानी से हासिल कर लिया था। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल