एशिया कप 2025 अगले महीने खेला जाएगा। इसके लिए टीमों का ऐलान शुरू हो गया है, शेड्यूल तो पहले ही जारी हो चुका है। अब इसका माहौल बनना भी शुरू हो गया है। इस बीच टीम इंडिया की भी घोषणा की जा चुकी है। इसको लेकर तरह तरह के सवाल उठ रहे हैं। टीम के ऐलान के बाद इस तरह की बातें सामने आ रही हैं कि आने वाले वक्त में भारतीय क्रिकेट में बहुत बड़े बदलाव देखने के लिए मिल सकते हैं। अब सवाल ये है कि भारतीय क्रिकेट पर भविष्य में किसका एकछत्र राज होगा। चलिए जरा समझने की कोशिश करते हैं।
टी20 इंटरनेशनल में भी गिल को दी गई अहम जिम्मेदारी
बीसीसीआई ने एशिया कप के लिए टीम इंडिया ऐलान कर दिया है। टीम के ऐलान के लिए खुद चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार यादव सामने आए और सवालों के जवाब भी दिए। कप्तानी की जिम्मेदारी तो सूर्यकुमार यादव के पास ही रहनी थी, ये बात पहले से ही तय थी, लेकिन उपकप्तानी के लिए अब शुभमन गिल का नाम दिया गया है। इससे पहले ये भूमिका अक्षर पटेल निभा रहे थे, जो अब टीम में तो हैं, लेकिन केवल खिलाड़ी के तौर पर उन्हें जगह दी गई है। यानी एक तरह से देखें तो शुभमन गिल का कद बढ़ गया है।
गिल टेस्ट में कप्तान और वनडे में उपकप्तान
रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद शुभमन गिल को टेस्ट में कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है। अब टी20 इंटरनेशनल में भी वे सूर्यकुमार यादव के साथ उपकप्तानी करेंगे। बात अगर वनडे क्रिकेट की करें तो वहां अभी रोहित शर्मा कप्तान हैं और गिल उपकप्तान हैं। यानी कुल मिलाकर देखा जाए तो तीनों फॉर्मेट में गिल को अहम जिम्मेदारी दी गई है। इसका मतलब ये भी है कि आने वाले वक्त में शुभमन गिल ही वो खिलाड़ी होंगे, जो तीनों फॉर्मेट में कप्तानी करते हुए नजर आ सकते हैं। इससे पहले भी ऐसा ही था, लेकिन बाद में इसमें कुछ बदलाव हुआ, लेकिन अब लगता है कि बीसीसीआई फिर से अपने पुराने रिवाज पर वापस आ सकती है।
भारतीय क्रिकेट के नए किंग बनने की ओर अग्रसर हैं गिल
अगले साल टी20 वर्ल्ड कप होना है, माना जा रहा है कि तब तक तो कप्तान सूर्यकुमार यादव ही रहेंगे, लेकिन इसके बाद बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं वनडे में हो सकता है कि जल्द ही शुभमन गिल कप्तान बन जाएं। शुभमन गिल को भारतीय क्रिकेट के नए किंग के तौर पर देखा जा रहा है, जिनका एकछत्र राज हो सकता है। पीटीआई की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि गिल की तीनों फॉर्मेट में ताजपोशी में छह महीने का वक्त और लग सकता है, इसके बाद सब कुछ गिल ही संभालते हुए नजर आएंगे। समझा जाता है कि टीम इंडिया के कोच और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर इस बात से सहमत हैं और आने वाले वक्त में इसे अमलीजामा पहनाया जा सकता है। यानी भारतीय क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत के लिए तैयार रहना चाहिए।