Shubman Gill: हाल ही में खेले गए T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टेस्ट और ODI टीम के कप्तान शुभमन गिल शामिल नहीं थे। गिल के बिना टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया। इस तरह गिल ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने से चूक गए। इसके बावजूद भारतीय कप्तान को बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। शुभमन गिल को पिछले साल शानदार प्रदर्शन के चलते खास अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
दरअसल, BCCI टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल को क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित करेगा। PTI के मुताबिक, 15 मार्च को BCCI के सालाना अवॉर्ड्स सेरेमनी में गिल को यह खास सम्मान दिया जाएगा। 26 साल के गिल को पिछले महीने T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम में नहीं चुना गया था, लेकिन उन्होंने बाकी दो फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया। यही वजह है कि उन्हें इस बड़े अवॉर्ड के लिए चुना गया है।
साल 2025 में लगाया रनों का अंबार
शुभमन गिल के लिए पिछला साल शानदार रहा था। उन्होंने टेस्ट में 983 रन बनाए थे। इस दौरान इंग्लैंड के खिलाफ ड्रॉ हुई सीरीज में उनके बल्ले 754 रन आए थे। इस सीरीज में उन्होंने 70 से ज्यादा के औसत से रनों का अंबार लगाया था। ODI क्रिकेट में भी उन्होंने कमाल किया और 490 रन बनाने में सफल रहे। भारत के चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाले अभियान के दौरान उन्होंने 188 रनों का अहम योगदान दिया था।
कुल मिलाकर गिल ने तीनों फॉर्मेट में 49 की औसत से 1764 रन बनाए, जिसमें 7 शतक और 3 अर्द्धशतक शामिल हैं। हालांकि, उनका T20 इंटरनेशनल फॉर्म कुछ खास प्रभावशाली नहीं था, लेकिन IPL के दौरान वे जबरदस्त फॉर्म में थे। उन्होंने IPL 2025 में गुजरात टाइटन्स के लिए 50 की औसत से 650 रन बनाए। अब गिल की नजरें IPL 2026 में गुजरात टाइटंस की ओर से एक बार फिर बल्ले से कमाल करने पर लगी हैं।
द्रविड़ को मिलेगा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
भारत के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ को भारतीय क्रिकेट में उनके शानदार योगदान के लिए कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। द्रविड़ की कोचिंग में टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीता था। वहीं, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को घरेलू क्रिकेट में बेस्ट एसोसिएशन का नाम दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें
टी20 विश्व कप 2026 के बाद कैसी है आईसीसी की रैंकिंग, अब सामने आई टीमों की पूरी तस्वीर
टीम इंडिया अब कब खेलेगी अगला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला, सामने आ गई ये तारीख