IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है। आगामी आईपीएल सीजन में श्रीलंका टीम के भी कई अनुभवी खिलाड़ी हिस्सा लेते हुए नजर आएंगे। इस बीच आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले श्रीलंका बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक अपने प्लेयर्स को आईपीएल के 19वें सीजन में खेलने के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) नहीं दिया है। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) अगले हफ्ते की शुरुआत में कोलंबो में अपने कुछ खिलाड़ियों के लिए फिटनेस टेस्ट लेगा।
आईपीएल में खेलने के लिए श्रीलंका के प्लेयर्स को देना होगा फिटनेस टेस्ट
फिटनेस टेस्ट में पास करने वाले खिलाड़ियों को ही नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट मिलेगा। कोलकाता नाइट राइडर्स के मथीशा पथिराना के अलावा इस आईपीएल सीजन में श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा (लखनऊ सुपर जायंट्स), ईशान मलिंगा (सनराइजर्स हैदराबाद) और नुवान तुषारा (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) खेलते हुए नजर आएंगे। ऐसे में श्रीलंका बोर्ड इन सभी प्लेयर्स का फिटनेस टेस्ट लेगा।
आईपीएल के आगामी सीजन में खेलेंगे 7 श्रीलंकाई प्लेयर्स
क्रिकबज के मुताबिक कई IPL फ्रेंचाइजी के अधिकारियों ने कहा कि SLC ने सोमवार और मंगलवार को फिटनेस टेस्ट करवाने का फैसला किया है और हमें उनके खिलाड़ियों के बारे में तभी पता चल पाएगा। दुष्मंथा चमीरा (दिल्ली कैपिटल्स), पथुम निसांका (दिल्ली कैपिटल्स) और कामिंदु मेंडिस (सनराइजर्स हैदराबाद) उन अन्य श्रीलंकाई खिलाड़ियों में शामिल हैं, जो 28 मार्च से शुरू होने वाले इस सीजन में खेलेंगे। कुल मिलाकर, इस सीजन के लिए सात श्रीलंकाई खिलाड़ियों को चुना गया है।
चोट की वजह से वर्ल्ड कप में भी नहीं खेल पाए थे श्रीलंका के प्लेयर्स
पथिराना, हसरंगा, मलिंगा और तुषारा चोट की वजह से हाल ही में खत्म हुए T20 वर्ल्ड कप में नहीं खेल पाए थे। किस खिलाड़ी की चोट कितनी गंभीर है इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। जानकारी के मुताबिक हसरंगा 8 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच के बाद से ही बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव की वजह से टीम से बाहर हो गए थे। पथिराना ने वर्ल्ड कप के तीन मैच खेले थे, जिसके बाद वह टीम से बाहर हो गए थे। हालांकि आईपीएल फ्रेंचाइजियों को पूरा भरोसा है कि SLC इन खिलाड़ियों को खेलने के लिए मंजूरी दे देगा।
यह भी पढ़ें
LSG SWOT Analysis: कागजों पर खतरनाक है ऋषभ पंत की टीम, क्या मैदान पर उसे उतारने में होंगे कामयाब?