1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. साउथ अफ्रीका ने आखिर क्यों नहीं दिया भारत को फॉलोऑन, टेम्बा बावुमा ने गजब की चाल चल दी

साउथ अफ्रीका ने आखिर क्यों नहीं दिया भारत को फॉलोऑन, टेम्बा बावुमा ने गजब की चाल चल दी

 Published : Nov 24, 2025 04:21 pm IST,  Updated : Nov 24, 2025 04:21 pm IST

IND vs SA: भारत बनाम साउथ अफ्रीका दूसरे टेस्ट में तीन दिन हो चुके हैं और भारतीय टीम इसमें बुरी तरह से पिछड़ गई है।

Temba Bavuma- India TV Hindi
टेम्बा बावुमा Image Source : AP

India vs South Africa follow-on: भारतीय क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में बुरी तरह से पिछड़ गई है। इसके बाद भी साउथ अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा ने भारत को फॉलोऑन नहीं दिया। आखिर इसके पीछे क्या वजह रही होगी। क्या ये रणनीतिक फैसला है, जो जानबूझ कर लिया है या फिर ये टीम पर भारी भी पड़ सकता है। चलिए जरा समझते हैं। 

पहली पारी में केवल 201 रन ही बना सकी टीम इंडिया

साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने गुवाहाटी टेस्ट में एक ऐसा फैसला किया, जिसने सभी को चौंका दिया। दरअसल भारत बनाम साउथ अफ्रीका दूसरे टेस्ट में पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 489 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जब भारतीय टीम बल्लेबाजी के लिए आई तो पूरी टीम महज 201 रन ही बना सकी। वो तो भला हो कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर का, जिन्होंने स्कोर यहां तक पहुंचाया, नहीं तो एक वक्त तो 150 के भी लाले पड़ गए थे। 

टेम्बा बावुमा ने नहीं दिया भारत को फॉलोऑन

भारतीय पारी का जब अंत हुआ, तब तक साउथ अफ्रीका के पास 288 रनों की लीड थी। टेम्बा बावुमा के पास मौका था कि वे भारत को फॉलोऑन दे सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। खास बात ये है कि बना फॉलोऑन ​दिए भारत में ये दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। साल 2017 में भारत बनाम बांग्लादेश मैच कमें ये पहली पारी के आधार पर 299 रनों की लीड सबसे ​बड़ी है। 

टेम्बा बावुमा ने बड़ी चतुराई से लिया फैसला

टेम्बा बावुमा ने बहुत ही सोचकर समझकर दूसरी पारी में बल्लेबाजी का फैसला किया। जब भारत की पारी समाप्त हुई तो कप्तान ने तुरंत अपने कोच से कुछ देर की बात की औ​र फिर फैसला किया वे ​बल्लेबाजी करेंगे। इसके दो लक्ष्य हो सकते हैं। पहला तो ये कि साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों को थोड़ा आराम मिल जाए। पूरे दिन साउथ अफ्रीका ने गेंदबाजी की थी। इसके बाद गेंदबाज थक जाते हैं। साउथ अफ्रीका की टीम नहीं चाहती होगी कि थके हुए गेंदबाज फिर से आएं और इसका फायदा भारतीय बल्लेबाज उठा पाएं। इसलिए साउथ अफ्रीका ने फिर से बल्लेबाजी का फैसला किया। 

भारत के सामने बड़ा टारगेट रखना चाहेगी साउथ अफ्रीका की टीम

अगर टीम इंडिया को फॉलोऑन दिया जाता और टीम इंडिया कुछ लीड हासिल कर लेती तो साउथ अफ्रीका को चौथी पारी में बल्लेबाजी के लिए आना पड़ता। लेकिन अब तीसरी पारी में साउथ अफ्रीका ने बल्लेबाजी कर ली है और भारतीय टीम को आखिरी पारी में बल्लेबाजी करनी होगी। ये नहीं भूलना चाहिए कि इसी सीरीज में जब कोलकाता में टेस्ट खेला गया था, तब भारतीय टीम सवा सौ रनों का भी लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई थी। इस वक्त साउथ अफ्रीका की लीड 314 रन की हो गई है। उम्मीद है कि मैच के चौथे दिन कम से कम साउथ अफ्रीका की टीम बल्लेबाजी करेगी और इसके बाद भारत को दोबारा से बल्लेबाजी के लिए आना होगा। नजर इस पर रहेगी कि भारत को कितना लक्ष्य देने का फैसला टेम्बा बावुमा करते हैं। 

यह भी पढ़ें 

इस गेंदबाज ने बल्लेबाजों को दिखाया आईना, गुवाहाटी टेस्ट में झोक दी जान

टीम इंडिया में प्रयोगों का दौर जारी, पहली बार इस नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरा ये खिलाड़ी, खाता तक नहीं खुला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल