1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत बनाम बांग्लादेश मैच के दूसरे दिन भी बारिश का साया, श्रीलंकाई बल्लेबाज का कमाल, देखें खेल जगत की 10 बड़ी खबरें

भारत बनाम बांग्लादेश मैच के दूसरे दिन भी बारिश का साया, श्रीलंकाई बल्लेबाज का कमाल, देखें खेल जगत की 10 बड़ी खबरें

 Written By: Rishikesh Singh
 Published : Sep 28, 2024 10:45 am IST,  Updated : Sep 28, 2024 10:45 am IST

Sports Top 10 News: खेल जगत के लिए शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा। क्रिकेट में कुछ बड़े रिकॉर्ड बनाए गए हैं। हालांकि भारतीय फैंस के लिए यह एक निराशा से भरा दिन रहा। ऐसे में आइए खेल जगत की 10 बड़ी खबरों पर नजर डालें।

Sports Top 10 News- India TV Hindi
Sports Top 10 News Image Source : PTI / GETTY

Sports Top 10 News: भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैच कानपुर में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के दौरान बारिश का साया बना हुआ है। मैच के पहले दिन बारिश के कारण सिर्फ 35 ओवर का ही खेल हो सका। इसके अलावा मैच के दूसरे दिन भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। दूसरी ओर CPL 2024 के दौरान निकोलस पूरन ने एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। ऐसे में आइए खेल जगत की 10 बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं।

खेल जगत की 10 बड़ी खबरें

भारत बनाम बांग्लादेश मैच में बारिश का साया 

भारत और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल बारिश के कारण बाधित रहा और सिर्फ 35 ओवर का खेल हो सका। टीम इंडिया ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 3 विकेट खोकर 107 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए थे। इस मुकाबले के दौरान बारिश का रोल काफी अहम होने वाला है। वेदर अपडेट के अनुसार दूसरे दिन भी बारिश के कारण रुकावट बनी रहेगी।

कानपुर टेस्ट में अचानक खराब हुई बांग्लादेश के फैन तबीयत

भारत बनाम बांग्लादेश के बीच दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन के खेल में एक बड़ी घटना देखने को मिली जिसने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी वह बांग्लादेश क्रिकेट टीम के फैन टाइगर रॉबी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होना जिसमें पहले ये सामने आया कि उनके साथ स्टैंड में मारपीट की घटना हुई है, लेकिन बाद में कानपुर पुलिस की तरफ से इस पूरे मामले में बयान जारी किया गया और बताया गया कि बांग्लादेश टीम के फैन की तबियत खराब हो गई थी, जिसमें उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इंग्लैंड ने चौथे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को रौंदा

इंग्लैंड की धरती पर खेली जा रही वनडे सीरीज में मेजबान इंग्लिश टीम ने ऑस्ट्रेलिया पर जोरदार पलटवार किया है। 5 मैचों की वनडे सीरीज के पहले 2 मैच जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया सीरीज पर कब्जा करती नजर आ रही थी लेकिन फिर तीसरे मैच में इंग्लैंड ने जीत के साथ शानदार वापसी की और अब चौथे वनडे में कंगारू टीम को पटखनी देते हुए सीरीज में 2-2 की बराबरी हासिल कर ली है। उन्होंने चौथे वनडे मैच को 186 रनों से जीता है।

ऑस्ट्रेलिया की चौथी सबसे बड़ी हार

लॉर्ड्स में खेले गए चौथे वनडे में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को जमकर धोया। इस तरह इंग्लैंड की टीम 39 ओवर में 5 विकेट पर 312 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। इसके जवाब में जब ऑस्ट्रेलिया की टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो इंग्लैंड के गेंदबाजों ने कहर ढा दिया। इंग्लिश गेंदबाजों के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। यही वजह रही कि ऑस्ट्रेलिया महज 126 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया को वनडे में अपनी सबसे बड़ी हार में से एक का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 186 रनों से मात दी। ये रनों के हिसाब से ऑस्ट्रेलिया की चौथी सबसे बड़ी हार है। यह लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ पिछले आठ वनडे मैचों में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी हार है। 

आईपीएल 2025 रिटेंशन पॉलिसी पर आया सबसे बड़ा अपडेट

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का आयोजन अगले साल होना है। इससे पहले फैंस को IPL 2025 के मेगा ऑक्शन का इंतजार है जिसको लेकर अभी तक कुछ भी साफ नहीं हो पाया। इस बीच IPL की रिटेंशन पॉलिसी को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, IPL के नए रिटेंशन नियमों का ऐलान जल्द ही होने की उम्मीद है क्योंकि गवर्निंग काउंसिल की आज बैठक होने वाली है। अगले 24 घंटों में रिटेंशन नियमों को लेकर बड़ी खबर सामने आने की उम्मीद है।

भारत बनाम पाकिस्तान मैच के लिए अंपायर्स का ऐलान

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 की शुरुआत अक्टूबर में यूएई की धरती पर होने जा रही है। क्रिकेट के इस महाकुंभ के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय टीम को ग्रुप-ए में जगह मिली है और इस ग्रुप में भारत के अलावा पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंकाई टीमें शामिल हैं। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 अक्टूबर को खेलेगी। फिर 6 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबला खेलना है। अब इस मैच को लेकर ही बड़ा अपडेट सामने आया है। ऑस्ट्रेलिया की एलोइस शेरिडन और दक्षिण अफ्रीका की लॉरेन एजेनबैग को अगले महीने होने वाले महिला टी20 विश्व कप के भारत-पाकिस्तान मैच के लिए मैदानी अंपायर नियुक्त किया गया है। वेस्टइंडीज की जैकलीन विलियम्स छह अक्टूबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाले इस अहम मैच की टेलीविजन अंपायर होंगी। 

आज से शुरू होंगे वर्ल्ड कप के वॉर्मअप मैच

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2024 में हिस्सा लेने वाली सभी 10 टीमें दो-दो प्रैक्टिस मैच खेलेंगी। भारतीय महिला टीम अपना पहला वार्म अप मैच 29 सितंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ जबकि दूसरा वार्म अप मैच 1 अक्टूबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी। सभी वार्म अप मैच भारतीय समयानुसार शाम 07:30 बजे से दुबई के ग्राउंड पर शुरू होंगे। पहले वार्म अप मैच में पाकिस्तानी महिला टीम का सामना स्कॉटलैंड महिला टीम से होगा, ये मुकाबला 28 सिंतबर को खेला जाएगा

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज से पहले चोटिल हुआ घातक प्लेयर

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नवंबर से पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी, जिसे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी कहा जाता है। ऐसा पहली बार हो रहा है कि BGT में पांच मैचों की सीरीज हो रही है। साल 2014/15 के बाद से भारतीय टीम लगातार चार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत चुकी है। इस बार भी टीम इंडिया के जीतने के चांस हैं। अब सीरीज से पहले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। टीम के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन चोटिल हो गए हैं और उनके खेलने पर बड़ा सस्पेंस बना हुआ है। 

श्रीलंका ने रचा इतिहास

श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। मुकाबले में श्रीलंका के कप्तान धनंजय डि सिल्वा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इसके बाद श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया और टीम के लिए दिनेश चांदीमल, कामेंदु मेंडिस और कुसल मेंडिस ने शतक लगाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही लंकाई टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। साल 2005 में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच नेपियर में टेस्ट खेला गया था, जिसमें श्रीलंका ने एक पारी में 498 रन बनाए थे, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रीलंका का टेस्ट की एक पारी में सर्वश्रेष्ठ स्कोर था। अब 19 साल बाद श्रीलंका ने इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है और गॉल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की एक पारी में 602 रन बनाकर इतिहास रच दिया है। श्रीलंकाई टीम ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी पारी में 600 प्लस रन बनाए हैं। 

जो रूट से भी आगे निकले कामेंदु मेंडिस 

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे दिन का खेल खत्म होने से पहले श्रीलंका के कामेंदु मेंडिस ने 147 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। मेंडिस साल 2024 में टेस्ट में सबसे ज्यादा 5 शतक बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस साल सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामलें में जो रूट को पीछे छोड़ा। जो रूट ने साल 2024 में 4 शतक लगाए हैं। इसके बाद 3-3 शतक ऑली पोप, शुभमन गिल और केन विलियमसन के नाम दर्ज हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।