सनराइजर्स हैदराबाद ने लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग के 65वें मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 231 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 19.5 ओवर में 189 रनों पर ढेर हो गई। इस तरह SRH ने 42 रनों से जीत दर्ज की। SRH की इस धमाकेदार जीत में इशान किशन की अहम भूमिका रही। किशन ने 48 गेंदों पर 195.83 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 94 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने सात चौके और पांच छक्के जड़े। इस शानदार पारी के लिए इशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया।
IPL 2025 के 65वें मैच में इशान किशन की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत SRH ने जैसे ही 200 रनों का स्कोर पार किया, वैसे ही एक बहुत बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया। दरअसल, SRH के 231 रनों का स्कोर IPL 2025 में बना 42वां 200+ टीम स्कोर है, जो किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा है। मौजूदा सीजन से पहले सबसे ज्यादा 200+ टीम स्कोर पिछले सीजन में बने थे। IPL 2024 में 10 टीमों ने 41 बार 200+ स्कोर बनाया था।
IPL 2025 में सबसे ज्यादा 200+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड गुजरात टाइटन्स के नाम है। गुजरात ने इस सीजन 7 बार 200 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। उसके बाद पंजाब किंग्स (6), लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स (5), कोलकाता नाइट राइडर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस (4), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (3) और दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स (2) हैं।
गौरतलब है कि IPL 2025 की चारों प्लेऑफ टीमें तय हो चुकी हैं। गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस प्लेऑफ का टिकट हासिल कर चुकी हैं। अब 29 मई से प्लेऑफ राउंड के मैच खेले जाएंगे।
संपादक की पसंद