टी20 वर्ल्ड कप 2026 की आगाज 7 फरवरी से होने वाला है। इस अहम टूर्नामेंट से पहले श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई। इस सीरीज का तीसरा मैच 11 जनवरी को खेला गया। बारिश की वजह से ये मुकाबला 12-12 ओवर का हुआ, जहां श्रीलंका ने DLS नियम के तहत 14 रनों से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 12 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 146 रन ही बना सकी।
इस सीरीज का पहला मुकाबला पाकिस्तान ने जीता था, जबकि दूसरा मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। वहीं, तीसरा मैच श्रीलंका ने अपने नाम करते हुए सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। आपको बता दें कि ICC T20I रैंकिंग में श्रीलंका इस वक्त 8वें नंबर पर है और उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान को बुरी तरह हराया है। पाकिस्तान की टीम इस वक्त ICC T20I रैंकिंग में सातवें नंबर पर है।
इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से पथुम निसंका 2 गेंदों में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद कामिल मिसारा ने 8 गेंदों में 20 रनों की पारी खेली, वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने 16 गेंदों में 30 और धनंजय डी सिल्वा ने 15 गेंदों में 22 रन बनाए। वहीं, चरित असलंका ने 13 गेंदों में 21 रन बनाए। दासुन शनाका ने अंत में 9 गेंदों में 34 और जनिथ लियानागे ने 8 गेंदों में 22 रन की तेज तर्रार पारी खेली। पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में मोहम्मद वसीम जूनियर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान 7 गेंदों में 9 और सैम अयुब 5 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हो गए। इन दोनों के आउट होने के बाद सलमान अली आगा ने 12 गेंदों में 45 रनों की पारी खेली। इसके अलावा मोहम्मद नवाज के भी बल्ले से 15 गेंदों में 28 रन आए। श्रीलंका की ओर से स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। उनकी स्पिन गेंदबाजी पाकिस्तान के बल्लेबाजों को समझ नहीं आई। उन्होंने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। पाकिस्तान की टीम अंत में 12 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 146 रन ही बना सकी। श्रीलंका ने 14 रनों से बाजी मारी और पाकिस्तान को अपनी सरमजीं पर धूल चटा दी। वानिंदु हसरंगा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला है।
यह भी पढ़ें:
विराट कोहली की दमदार पारी से टीम इंडिया ने जीत से किया आगाज, न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया
भारतीय खिलाड़ी का ऐतिहासिक कारनामा, हैट्रिक सहित एक ओवर में झटके 4 विकेट
संपादक की पसंद