भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला अब अपने अंतिम चरण में है। दूसरे मैच में भले ही पहली पारी के आधार पर श्रीलंका को फॉलोऑन का सामना करना पड़ा हो, लेकिन उसने अपनी कम से कम पारी की हार को टाल दिया है। इतना नहीं, टीम ने भारत के स्कोर पर लीड भी बना ली है। अब आखिरी दिन का रोमांच बचा है। इस दिन कप्तान शुभमन गिल किस रणनीति के साथ मैदान में उतरेंगे, इसे भी समझा जाना चाहिए।
टीम इंडिया पहला मैच जीतकर बना चुकी है सीरीज में बढ़त
टीम इंडिया का श्रीलंका दौरा अब खत्म होने को है। टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला भारतीय टीम जीतकर 1-0 की लीड बना चुकी है। अब उसकी कोशिश होगी कि श्रीलंका का सूपड़ा साफ किया जाए। हालांकि ये काम आसान भी नहीं है। भारतीय टीम की सबसे बड़ी टेंशन मौसम होगा। कोलंबो में खेले जा रहे मुकाबले में श्रीलंका से ज्यादा टीम इंडिया की दुश्मन बारिश बनकर आई है, जो करीब करीब हर रोज मैच में बाधा डाल रही है। मैच के आखिरी दिन गुरुवार को भी बारिश की आशंका जताई जा रही है। अगर बारिश आई और देर तक नहीं रुकी तो फिर मैच ड्रॉ की ओर चला जाएगा, जो कि टीम इंडिया के लिए कतई अच्छा नहीं होगा। उसे हर हाल में सीरीज 2-0 से जीतनी होगी।
श्रीलंका ने अब तक बना ली है टीम इंडिया पर 16 रनों की लीड
इस में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 503 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। इसके बाद श्रीलंका की टीम अपनी पहली पारी में केवल 290 रन बनाकर आउट हो गई और उसे फॉलोऑन का सामना करना पड़ा। हालांकि दूसरी पारी में श्रीलंका ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 229 रन बना लिए हैं। अभी उसके चार और विकेट शेष हैं। इतना नहीं, श्रीलंका ने अब 16 रन की बढ़त भी बना ली है। यानी उसे यहां से पारी की हार नहीं मिलेगी। अब आखिरी पारी में भारत को बल्लेबाजी के लिए उतरना ही होगा।
100 रन से कम की लीड पर करना होगा श्रीलंकाई टीम को आउट
मैच के आखिरी दिन कप्तान शुभमन गिल और पूरी टीम इंडिया की कोशिश यही होगी कि जल्द से जल्द बचे हुए श्रीलंका के विकेट गिराए जाएं। श्रीलंका के पुछल्ले बल्लेबाजों ने इसी मैच की पहली पारी में भी भारतीय टीम को खूब परेशान किया था, कहीं इस बार भी ऐसा ही हुआ तो मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ सकती हैं। भारत की कोशिश होगी कि श्रीलंका को किसी भी हालत में 100 से ज्यादा रनों की लीड ना लेनी दी जाए। अगर लीड इससे अधिक की हो गई तो फिर भारतीय बल्लेबाजी की परीक्षा होगी। वैसे तो 100 से डेढ़ सौ रन का स्कोर ज्यादा नहीं होता, लेकिन आखिरी पारी में इतने रन बनाना आसान काम नहीं होता।
मैच की आखिरी पारी में पांचवें दिन आसान नहीं होगा रन बनाना
श्रीलंका में वैसे भी स्पिनर्स के लिए हल्की सी मदद होती है, जो मैच के आखिरी दिन और बढ़ जाती है। श्रीलंका ने अगर 100 से अधिक रनों की लीड ले ली तो फिर वे मैच जीतने के लिए मैदान में उतरेंगी और उनके स्पिनर्स घातक साबित हो सकते हैं। इस बीच भारत की कोशिश होनी चाहिए कि 50 से 80 रन के बीच की लीड पर ही श्रीलंका की पारी को समाप्त किया जाए, ताकि दिए गए लक्ष्य को जल्दी हासिल किया जा सके। इस बार ध्यान केवल श्रीलंका के बल्लेबाजों पर ही नहीं, बल्कि मौसम पर भी देना होगा। मैच जितनी जल्दी खत्म हो जाए, वही अच्छा है, अगर बारिश ने खेल बिगाड़ा तो फिर पछताने के अलावा और कोई विकल्प नहीं होगा।
यह भी पढ़ें