SL vs ENG 1st T20 Match Live Cricket Score: श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जा रही है। इसका पहला मुकाबला आज पल्लेकेले के स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। बारिश के खलल की वजह से ये मैच 17-17 ओवर्स का खेला गया। श्रीलंका की टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 16.2 ओवर्स में 133 रनों के स्कोर पर सिमट गई। श्रीलंका की पारी में कुसल मेंडिस ने सबसे ज्यादा 37 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी में सैम करन और आदिल रशीद 3-3 विकेट लेने में कामयाब रहे, तो वहीं जेमी ओवरटन और लियम डॉसन ने 2-2 विकेट हासिल किए।
इंग्लैंड की तरफ से टारगेट का पीछा करते हुए फिल साल्ट के बल्ले का कमाल देखने को मिला जिन्होंने 46 रनों की बेहतरीन पारी खेली, इसके अलावा टॉम बेंटन ने 29 जबकि कप्तान हैरी ब्रूक के बल्ले से 16 रनों की पारी देखने को मिली। इंग्लैंड की टीम को जब जीत के लिए सिर्फ 9 रन और बनाने थे, तो उसी समय बारिश शुरू होने की वजह से खेल को रोक दिया गया और इंग्लैंड ने मुकाबले को DLS नियमानुसार 11 रनों से अपने नाम कर लिया। श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी में ईशान मलिंगा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट हासिल किए। वहीं अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला एक फरवरी को खेला जाएगा।
यहां पर देखिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
इंग्लैंड - फिलिप साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रुक (कप्तान), सैम करन, विल जैक, जेमी ओवरटन, लियम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद।
श्रीलंका - पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), धनंजय डी सिल्वा, चरिथ असलांका, जेनिथ लियानगे, दासुन शनाका (कप्तान), वानिंदु हसरंगा, महीश तीक्ष्णा, मथीशा पथिराना, ईशान मलिंगा
वनडे सीरीज में देखने को मिला था जबरदस्त रोमांच
टी20 सीरीज से पहले श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली गई थी। इसमें दोनों टीमों ने जबरदस्त खेल दिखाया। पहला मैच श्रीलंका ने 19 रन से अपने नाम किया था। इसके बाद दूसरे मैच में इंग्लैंड ने बाजी मारी और 5 विकेट से मैच जीतने में कामयाबी हासिल कर ली। सीरीज बराबरी पर थी और आखिरी मैच से तय होना था कि सीरीज किसके नाम रही। आखिरी मैच में इंग्लैंड ने बाजी मार ली और श्रीलंका को हार का मुंह देखना पड़ा। पहला मैच जीतने के बाद भी श्रीलंका की टीम अपने घर पर हार गई।
इंग्लैंड की टीम भारत में खेलेगी टी20 विश्व कप के अपने मैच
अब फॉर्मेट बदल चुका है। साथ ही कुछ खिलाड़ी भी बदले हैं। टी20 विश्व कप की मेजबानी भारत के साथ साथ श्रीलंका में भी होंगे, इसलिए इंग्लैंड की टीम इसे तैयारियों के नजरिये भी देख रही है। श्रीलंका की टीम तो अपने घर पर ही टी20 विश्व कप के मैच खेलेगी, लेकिन इंग्लैंड की बात की जाए तो उसे अपने मैच भारत में खेलने हैं। भारत और श्रीलंका की कंडीशन काफी हद तक एक जैसी होती हैं, इसलिए इंग्लैंड को इस सीरीज का फायदा मिल सकता है।
श्रीलंका टीम: पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), धनंजय डी सिल्वा, चरिथ असलांका, जेनिथ लियानगे, दासुन शनाका (कप्तान), वानिंदु हसरंगा, महेश थीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, कुसल परेरा, प्रमोद मदुशन, कामिंडु मेंडिस, डुनिथ वेललागे, पवन रथनायके, ईशान मलिंगा।
इंग्लैंड टीम: फिल साल्ट, जॉस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, बेन डकेट, ल्यूक वुड, ब्रायडन कार्स, जोश टोंग, रेहान अहमद।