1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जाफना किंग्स के सह-मालिक मंजोत कालरा को लगा झटका, श्रीलंका की कोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका

जाफना किंग्स के सह-मालिक मंजोत कालरा को लगा झटका, श्रीलंका की कोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 27, 2026 08:36 pm IST,  Updated : Jul 27, 2026 08:36 pm IST

लंका प्रीमियर लीग 2026 के कथित मैच फिक्सिंग मामले में जाफना किंग्स के सह-मालिक मंजोत कालरा की जमानत याचिका श्रीलंका की अदालत ने खारिज कर दी।

Manjot Kalra- India TV Hindi
मंजोत कालरा Image Source : AFP

लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 के दौरान बड़ी खबर सामने आई है। कथित मैच फिक्सिंग मामले में जाफना किंग्स के सह-मालिक मंजोत कालरा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। श्रीलंका की एक अदालत ने 27 जुलाई को मंजोत कालरा और एक अन्य भारतीय नागरिक युवराज पुष्पा की जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने साफ कहा कि मामले की जांच अभी जारी है, इसलिए दोनों को फिलहाल राहत नहीं दी जा सकती। कोलंबो के मुख्य मजिस्ट्रेट असंगा एस. बोडारगामा की अदालत में मंजोत कालरा और युवराज पुष्पा की ओर से समय से पहले जमानत की मांग की गई थी। दोनों को 17 जुलाई को गिरफ्तार किए जाने के बाद 31 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

खराब स्वास्थ्य का दिया गया हवाला

आरोपियों की ओर से वरिष्ठ वकील के.डब्ल्यू.एस. फर्नांडो ने अदालत में दलील दी कि दोनों की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए उन्हें जमानत दी जानी चाहिए। हालांकि, अभियोजन पक्ष ने इसका विरोध करते हुए कहा कि श्रीलंका पुलिस की खेल अपराध रोकथाम विशेष जांच यूनिट अभी मामले की जांच कर रही है और इस स्तर पर जमानत देना उचित नहीं होगा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर दी और न्यायिक हिरासत जारी रखने का आदेश दिया।

श्रीलंका के खिलाड़ियों ने दर्ज कराई शिकायत

इस मामले की शुरुआत श्रीलंका के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों भानुका राजपक्षे, अविष्का फर्नांडो और दुनिथ वेलालागे की शिकायत से हुई थी। अदालत को यह भी बताया गया कि बाद में दो अन्य स्थानीय खिलाड़ियों ने भी इस मामले में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कथित तौर पर मैच फिक्सिंग और भ्रष्ट आचरण से जुड़े आरोप लगाए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब लंका प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन 17 जुलाई से 8 अगस्त तक किया जा रहा है। पांच टीमों वाली इस T20 लीग में कुल 24 मुकाबले खेले जा रहे हैं। टूर्नामेंट के बीच मैच फिक्सिंग के आरोप सामने आने से लीग की साख पर भी सवाल उठे हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और अदालत की अगली सुनवाई पर टिकी हुई है।

PTI Inputs

यह भी पढ़ें:

कब से खेली जाएगी भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज, नोट कीजिए पूरा शेड्यूल

विजय शंकर ने लंका प्रीमियर लीग में 227 की स्ट्राइक रेट से खेली तूफानी पारी, फिर भी टीम को नहीं मिली जीत

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल