1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्टीव स्मिथ ने ध्वस्त किया डब्ल्यूटीसी का बहुत बड़ा विश्व कीर्तिमान, एक झटके में बन गए नंबर वन

स्टीव स्मिथ ने ध्वस्त किया डब्ल्यूटीसी का बहुत बड़ा विश्व कीर्तिमान, एक झटके में बन गए नंबर वन

 Published : Jun 11, 2025 06:19 pm IST,  Updated : Jun 11, 2025 06:24 pm IST

Steve Smith: आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज अब स्टीव स्मिथ बन गए हैं। उन्होंने अजिंक्य रहाणे का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है।

steve smith- India TV Hindi
स्टीव स्मिथ Image Source : GETTY

Steve Smith Record in WTC Final: विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जब साउथ अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई टीम संकट में थी, तब स्टीव स्मिथ ने मोर्चा संभाला और अपनी टीम को संकट से बाहर लाने की पूरी कोशिश की। इस दौरान स्टीव स्मिथ ने एक विश्व कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर इस पर अपना नाम लिखवा लिया। 

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने स्टीव स्मिथ

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अब तक दो फाइनल हो चुके हैं। इस मैच से पहले तक इसमें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भारत के अजिंक्य रहाणे हुआ करते थे। उन्होंने दो मैचों की चार पारियों में 199 रन बनाए थे। लेकिन अब स्टीव स्मिथ उनसे आगे निकल गए हैं। लॉर्ड्स में स्टीव स्मिथ ने जैसे ही अपने 45 रन पूरे किए, वे रहाणे से आगे हो गए। इतना ही नहीं, वे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में 200 से ज्यादा रन बनाने वाले भी पहले बल्लेबाज बन गए हैं। 

टीम इंडिया इस बार नहीं खेल रही है डब्ल्यूटीसी का फाइनल

भारतीय टीम ने साल 2021 और इसके बाद साल 2023 में बैक टू बैक दो फाइनल खेले, लेकिन इस बार टीम तीसरे नंबर पर रही और फाइनल में एंट्री नहीं कर पाई। जहां एक ओर ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरी बार फाइनल में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही, वहीं साउथ अफ्रीका की टीम पहली बार फाइनल खेल रही है। अभी तो मैच का पहला ही दिन है, लेकिन पहले दिन अब तक साउथ अफ्रीका ने मैच पर शिकंजा कसा हुआ है। 

ट्रेविस हेड भी जल्द पूरे कर सकते हैं 200 रन

अभी तो स्टीव स्मिथ पहले नंबर पर पहुंच गए हैं, लेकिन अजिंक्य रहाणे अभी भी दूसरे नंबर पर हैं। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के ही ट्रेविस हेड भी ज्यादा पीछे नहीं हैं। उन्होंने अब तक दो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल खेलकर तीन पारियों में 192 रन बना लिए हैं। वैसे उम्मीद की जा रही थी कि ट्रेविस हेड ही रहाणे का रिकॉर्ड तोड़ेंगे, लेकिन वे इस मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ केवल 11 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन स्टीव स्मिथ ने हाथ आए इस मौके को जाने नहीं दिया और पहले नंबर की कुर्सी पर कब्जा जमाने में कामयाब हो गए। 

डब्ल्यूटीसी फाइनल में स्मिथ ने लगाए सबसे ज्यादा अर्धशतक 

इस बीच स्टीव स्मिथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वे अब तक दो मैचों में तीन पारियां खेलकर दो अर्धशतक लगा चुके हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ इसी मैच में उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। बाकी कई बल्लेबाज एक एक अर्धशतक लगा चुके हैं। इसमें ऐलेक्स कैरी, ड्वोन कॉन्वे, ट्रेविस हेड, अजिंक्य रहाणे, शार्दुल ठाकुर, और केन विलियमसन एक एक अर्धशतक लगा चुके हैं, लेकिन स्मिथ के दो अर्धशतक हो गए हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल