वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के चैंपियन का जल्द ही फैसला हो जाएगा। 11 जून से इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका आमने-सामने होंगे। इस मैच में वैसे तो एक से बढ़कर एक खिलाड़ी नजर आएंगे लेकिन सबकी निगाहें ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर स्टीव स्मिथ पर टिकी होंगी। स्टीव स्मिथ ने इसी साल जनवरी में श्रीलंका दौरे पर टेस्ट में 10 हजार रन पूरे करने का शानदार कारनामा किया था और अब उनके पास लॉर्ड्स में होने वाले WTC फाइनल में नया इतिहास रचने का शानदार मौका होगा।
99 साल पुराना टूटेगा कीर्तिमान?
दरअसल, स्टीव स्मिथ लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटर वॉरेन बार्डस्ले का बड़ा कीर्तिमान ध्वस्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें सिर्फ 51 रनों की दरकार है। वॉरेन बार्डस्ले के नाम बतौर विदेशी बल्लेबाज लॉर्ड्स में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। क्रिकेट के मक्का यानी लॉर्ड्स में स्मिथ ने 5 टेस्ट मैचों की 9 पारियों में 525 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। इसी मैदान पर डॉन ब्रैडमैन के नाम 551 रन दर्ज हैं।
स्टीव स्मिथ इतिहास रचने के करीब
अगर स्मिथ 27 रन का आंकड़ा छू लेते हैं, तो वह लॉर्ड्स में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के मामले में महान डॉन ब्रैडमैन को पीछे छोड़ देंगे। वहीं, 47 रन बनाते ही गैरी सोबर्स को भी पछाड़ देंगे। सोबर्स ने लॉर्ड्स में 5 टेस्ट मैचों की 9 पारियों में 571 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक आए थे।
लॉर्ड्स में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले विदेशी बल्लेबाज
- वॉरेन बार्डस्ले - 575
- गैरी सोबर्स - 571
- डॉन ब्रैडमैन - 551
- स्टीव स्मिथ - 525
- शिवनारायण चंद्रपॉल - 512
गौरतलब है कि स्मिथ ने अब तक अपने करियर में 116 टेस्ट मैच खेले हैं और 56.74 की औसत से 10271 रन बनाए हैं। उन्होंने 36 शतक और 41 अर्द्धशतक भी लगाए हैं। वह टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। स्मिथ से ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाजों में रिकी पोंटिंग (13378), एलन बॉर्डर (11174) और स्टीव वॉ (10927) हैं।