IPL 2025 में 03 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में KKR ने SRH को 80 रनों से मात दी। केकेआर के लिए जीत के हीरो वेंकटेश अय्यर, वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती रहे। इन तीनों खिलाड़ियों ने टीम की जीत में अहम योगदान दिया, लेकिन इस मैच में टीम के स्टार खिलाड़ी सुनील नारायण ने वो कारनामा कर दिखाया, जो इससे पहले कोई भी प्लेयर इस फ्रेंचाइजी के लिए नहीं कर पाया था।
ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज बने सुनील नरेन
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ गुरुवार को हुए मुकाबले में नरेन को 1 विकेट मिला, इस एक विकेट के साथ सुनील नरेन ने केकेआर के लिए 200 विकेट लेने का कारनामा किया। आपको बता दें कि, आईपीएल में इस खिलाड़ी ने कोलकाता के लिए 182 विकेट चटकाए हैं, वहीं चैंपियंस लीग टी20 में इस टीम के लिए नरेन के नाम 18 विकेट हैं। ऐसे में उन्होंने कुल मिलाकर उनके केकेआर के लिए 200 विकेट पूरे हो गए हैं। सुनील नरेन IPL के इतिहास में पहले ऐसे गेंदबाज बने हैं जिन्होंने एक फ्रेंचाइजी के लिए 200 विकेट चटकाए हैं।
आईपीएल में भी सुनील नरेन पहले से ही कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए कुल 182 विकेट के साथ सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। दाएं हाथ के मिस्ट्री स्पिनर ने 179 मैचों में 27.16 की औसत और 6.74 की इकॉनमी रेट के साथ 181 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 7 बार 4 विकेट हॉल और एक बार 5 विकेट हॉल लिया है। दूसरी ओर वह चैंपियंस लीग में भी केकेआर के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी थे, उन्होंने सिर्फ 9 मैचों में 9.33 की औसत, 5.14 की इकॉनमी और 10.89 की स्ट्राइक रेट से 18 विकेट लिए।
केकेआर ने पिछले सीजन जीता था खिताब
कोलकाता ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में IPL 2024 का खिताब अपने नाम किया था। इससे पहले टीम गौतम गंभीर की अगुवाई में KKR ने 2012 और 2014 में खिताब जीता था। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल इतिहास की तीसरी सबसे सफल टीम है। एमआई और सीएसके ने जहां 5-5 बार खिताब जीते हैं, वहीं केकेआर तीन बार ट्रॉफी उठाने में कामयाब रही है। आईपीएल 2025 में भी कोलकाता की शुरुआत अच्छी हुई है, अब ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि इस सीजन केकेआर टॉप-4 में पहुंचती है या नहीं।
यह भी पढ़ें
हार की हैट्रिक झेलने के बाद हताश दिखे SRH के कप्तान, इनको बताया खराब प्रदर्शन का कसूरवार