Thursday, March 12, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जाते-जाते ये शर्मनाक रिकॉर्ड बना गई KKR, हैदराबाद ने एकतरफा अंदाज में जीता मुकाबला

जाते-जाते ये शर्मनाक रिकॉर्ड बना गई KKR, हैदराबाद ने एकतरफा अंदाज में जीता मुकाबला

Written By: Hitesh Jha Published : May 25, 2025 11:28 pm IST, Updated : May 25, 2025 11:28 pm IST

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 278 रन बनाए, यह आईपीएल 2025 का दूसरा हाईएस्ट टीम टोटल है।

KKR vs SRH- India TV Hindi
Image Source : PTI KKR vs SRH

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल 2025 के 68वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने एकतरफा अंदाज में कोलकाता नाइट राइडर्स को 110 रनों से मात दी। इस मैच में हैदराबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हेनरिक क्लासेन की शतकीय पारी के बदौलत में 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 278 रन बनाए। जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 18.4 ओवर में 168 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह आईपीएल के इतिहास में कोलकाता के लिए रनों के हिसाब से सबसे बड़ी हार है। इससे पहले केकेआर को 2018 में मुंबई इंडियंस ने 102 रनों से हराया था।

हेनरिक क्लासेन और ट्रैविस हेड ने SRH के लिए की शानदार बल्लेबाजी

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड की सलामी जोड़ी ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। 6.5 ओवर में दोनों ने 92 रन जोड़ दिए। टीम का पहला विकेट अभिषेक शर्मा के रूप में गिरा, जो 200 की स्ट्राइक रेट से 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ट्रैविस हेड और हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तूफानी बैटिंग की और KKR के गेंदबाजों को जमकर धोया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी हुई। हेड 40 गेंदों में 76 रन बनाकर आउट हुए लेकिन क्लासेन ने दूसरे छोर से धुनाई जारी रखी। उन्होंने 37 गेंदों में शतक पूरा किया। वह 39 गेंदों में 105 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनके अलावा ईशान किशन ने 20 गेंदों में 29 और अनिकेत वर्मा ने 6 गेंदों में 12 रन का योगदान दिया। KKR की तरफ से सुनील नरेन ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।

दबाव में बिखर गए केकेआर के बल्लेबाज

279 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम की शुरुआत से ही दबाव में दिखी। सुनील नरेन को अच्छी शुरुआत जरूर मिली लेकिन इसे वो बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए और 16 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए। डी कॉक इस मैच में भी फ्लॉप रहे और 13 गेंदों में 9 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद टीम का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक कर नहीं खेल पाया। कप्तान रहाणे (15) अंगकृश रघुवंशी (14) रिंकू सिंह (9) बनाकर चलते बने, वहीं आंद्रे रसल अपना खाता भी नहीं खोल पाए। अंत में मनीष पांडे (37) और हर्षित राणा (34) ने कुछ बड़े शॉट्स लगाकर जीत के अंतर को कम किया। SRH की तरफ से जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा और हर्ष दुबे ने 3-3 विकेट लिए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement