1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Surya Kumar Yadav : सूर्य कुमार यादव ने शतक लगाकर रोहित शर्मा को पछाड़ा, जानिए नया रिकॉर्ड

Surya Kumar Yadav : सूर्य कुमार यादव ने शतक लगाकर रोहित शर्मा को पछाड़ा, जानिए नया रिकॉर्ड

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Jul 11, 2022 12:06 pm IST,  Updated : Jul 11, 2022 12:06 pm IST

सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में जब सूर्य कुमार यादव (Surya Kumar Yadav) नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए, उस वक्त टीम इंडिया पर संकट था।

Surya Kumar Yadav- India TV Hindi
Surya Kumar Yadav Image Source : PTI

Highlights

  • सूर्य कुमार यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20 में लगाया शतक
  • टीम इंडिया की ओर से अब तक पांच ही बल्लेबाज लगा सके हैं टी20I में शतक
  • रोहित शर्मा के नाम चार शतक, 31 साल 190 ​दिन की उम्र में लगाया था शतक

Surya Kumar Yadav : टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ अपना तीसरा और आखिरी टी20 मैच 17 रन से हार गई। इंग्लैंड की जीत के बाद भी इस मैच में असली महफिल तो सूर्य कुमार यादव ने लूट ली। सूर्य कुमार यादव ने शानदार शतक ठोककर पूरी कोशिश की कि टीम इंडिया को इस मैच में जिताएं और इंग्लैंड का सूपड़ा साफ कर दिया जाए, लेकिन एक छोर पर सूर्य कुमार यादव टिके रहे और दूसरी ओर से विकेट जाते रहे। आखिर में इससे पहले कि मैच खत्म होता, सूर्या आउट हो गए और इंग्लैंड ने मैच अपने नाम कर लिया। हालांकि इस मैच में शतक लगाकर सूर्य कुमार यादव ने रोहित शर्मा का एक रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। अब सूर्य कुमार यादव भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हो गए हैं। 

भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने सूर्य कुमार यादव

भारत की ओर से अब तक केवल चार ही खिलाड़ी टी20 इंटरनेशनल में शतक लगा पाए थे, अब उसमें पांचवां नाम सूर्य कुमार यादव का भी जुड़ गया है। इससे पहले रोहित शर्मा, केएल राहुल, सुरेश रैना और दीपक हुड्डा ने शतक लगाए हैं। रोहित शर्मा को छोड़कर बाकी सभी के एक एक शतक हैं। रोहित शर्मा दुनिया के अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में चार शतक लगाए हैं। अभी तक रोहित शर्मा ही वो खिलाड़ी थे, जिन्होंने भारत की ओर से टी20 में सबसे ज्यादा उम्र में शतक लगाया था। रोहित शर्मा ने जब अपना आखिरी शतक इस फॉर्मेट में लगाया था, तब उनकी उम्र 31 साल और 190 ​दिन थी, जो सबसे ज्यादा थी। वहीं रविवार को मैच के दिन सूर्य कुमार यादव की उम्र 31 साल और 299 दिन थी। इस तरह से अब रोहित शर्मा को सूर्य कुमार यादव ने पीछे छोड़ दिया है। मैच के बाद खुद कप्तान रोहित शर्मा ने कहा भी कि उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में जो भी शतकीय पारियां देखी हैं, उसमें से ये सबसे बेहतरीन पारी थी। 

Surya Kumar Yadav
Image Source : TWITTER/@BCCISurya Kumar Yadav

इंग्लैंड की जीत के बाद भी सूर्य कुमार यादव की खूब तारीफ 
सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में जब सूर्य कुमार यादव नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए, उस वक्त टीम इंडिया पर संकट था। टीम की सलामी जोड़ी पवेलियन लौट चुकी थी। लेकिन सूर्य कुमार यादव ने सूझबूझ से काम ​लिया और शुरुआत में संभल कर बल्लेबाजी की। इसके बाद जब सूर्य कुमार यादव का आत्मविश्वास आ गया तो फिर उन्होंने धुआंधार बल्लेबाजी शुरू कर दी और एक वक्त तो लगने लगा था कि टीम इंडिया इस मैच को निकाल कर ले जाएगी। दूसरे छोर पर कुछ देर के लिए श्रेयस अय्यर ने सूर्य कुमार यादव का साथ दिया और अच्छी साझेदारी भी की। लेकिन श्रेयस अय्यर आउट हो गए। इसके बाद दिनेश कार्तिक भी चलते बने। रवींद्र जडेजा आउट हो गए और सूर्य कुमार यादव अकेले पड़ गए। इसके बाद भी सूर्या ने पूरी कोशिश की और जीत के करीब तक टीम को लेकर भी गए, लेकिन अकेले होने की वजह से उन्हें काफी तेज खेलना पड़ा और यहीं पर वे आउट हो गए। सूर्य कुमार यादव के आउट होते ही टीम इंडिया की हार भी करीब करीब पक्की हो गई थी और आखिर में भारत को 17 रन से हार मिली। हालांकि भारत ने इस सीरीज को 2.1 से अपने नाम जरूर कर लिया है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल