1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 World Cup 2022: इरफान पठान ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए बनाई प्लेइंग-11, टीम से एक स्टार प्लेयर गायब

T20 World Cup 2022: इरफान पठान ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए बनाई प्लेइंग-11, टीम से एक स्टार प्लेयर गायब

 Written By: Ranjeet Mishra
 Published : Sep 15, 2022 04:03 pm IST,  Updated : Sep 15, 2022 04:03 pm IST

T20 World Cup 2022 Irfan Pathan Playing XI: टी20 वर्ल्ड कप में भारत को अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है। इस मुकाबले के लिए इरफान पठान ने अपनी प्लेइंग 11 तैयार की है जिसमें एक युवा सितारे का नाम नदारद है।

Team India- India TV Hindi
Team India Image Source : GETTY

Highlights

  • इरफान पठान ने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए बनाई प्लेइंग 11
  • भारत का पहला मैच मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ
  • इरफान ने अपनी प्लेइंग 11 में तेज गेंदबाजों पर जताया भरोसा

T20 World Cup 2022 Irfan Pathan Playing XI: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेलेक्टर्स टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय इंडियन स्क्वॉड का ऐलान कर चुके हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर है कि इन 15 खिलाड़ियों में से प्लेइंग 11 में किन खिलाड़ियों को जगह मिलेगी और किन्हें बाहर बैठना होगा। टीम में चुने गए तमाम खिलाड़ी पिछले एक साल से ज्यादा वक्त से अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले इस ग्लोबल इवेंट को ध्यान में रखकर तैयारी कर रहे हैं। सब अनुभवी हैं और सबने वर्ल्ड कप के लिए खुद को तराशा भी है। ऐसे में 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में आर्च राइवल्स पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले पहले मुकाबले के लिए प्लेइंग 11 का चयन टीम मैनेजमेंट के लिए आसान नहीं होगा। कप्तान रोहित शर्मा और हेड कोच राहुल द्रविड़ की इस मुश्किल को फिलहाल खत्म नहीं किया जा सकता। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी प्लेइंग 11 तैयार की है जिससे टीम मैनेजमेंट को एक दृष्टिकोण तो मिल ही सकता है।

इरफान पठान की प्लेइंग 11 में ऋषभ पंत को जगह नहीं

इरफान पठान ने अपनी प्लेइंग 11 से विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को बाहर रखा है। पठान ने स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए इसके लिए अपनी वजहें भी गिनाई।

उन्होंने कहा, “देखिए, मेरे विचार से अगर आप पहला मैच खेल रहे हैं तो आपके पास एक स्पिनर सहित कुछ अनुभवी गेंदबाज होने चाहिए। अगर टॉप से शुरू करें तो मेरी प्लेइंग 11 कुछ ऐसी होगी – रोहित, केएल राहुल, नंबर तीन पर विराट कोहली, नंबर चार पर सूर्यकुमार यादव, नंबर पांच पर दीपक हुड्डा, नंबर छह पर हार्दिक पंड्या, नंबर सात पर दिनेश कार्तिक, नंबर आठ पर एक दाहिने हाथ के लेग स्पिनर को होना चाहिए जो युजवेंद्र चहल हो सकते हैं, 9 से 11 तक जसप्रीत बुमराह, हर्षल पटेल और इनके साथ अप भुवनेश्वर कुमार को रख सकते हैं।”

इरफान की टीम में ऋषभ पंत को जगह नहीं मिली, कई और दिग्गजों की टीम में भी पंत जगह नहीं बना पा रहे। इसके अलावा एशिया कप के शुरुआती मैच में भी टीम मैनेजमेंट ने उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर रखा था। लेकिन तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह एशिया कप के हर मैच में मैदान पर उतरे थे। जाहिर है ये युवा तेज गेंदबाज भरोसे पर खड़ा उतरा है, लेकिन वे पठान की प्लेइंग 11 में जगह नहीं बना सके।

अर्शदीप के लिए हां भी और ना भी

इरफान ने इसके लिए अपने तर्क दिए, “पूरी टीम कॉम्बिनेशन को देखिए, तीन तेज गेंदबाज हैं जिनमें से दो डेथ ओवर्स में गेंदबाजी कर सकते हैं। मैं चाहता हूं कि मुझे डेथ ओवर्स में तीन तेज गेंदबाजों में से किसी भी दो से गेंदबाजी कराने की आजादी मिले। अर्शदीप भी डेथ ओवर्स में बॉलिंग कर सकते हैं तो एक स्पिनर की जगह टीम में अर्शदीप के लिए भी जगह बनाई जा सकती है।”   

T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय स्क्वॉड

रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह।

स्टैंडबाय खिलाड़ी -मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई, दीपक चाहर।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल