T20 World Cup 2026 Points Table: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी को हुआ था, जिसके बाद अब तक कुल 21 मुकाबले खेले जा चुके हैं, लेकिन किसी भी टीम ने सुपर-8 के लिए आधिकारिक तौर पर अपनी जगह को पक्का नहीं किया है। 13 फरवरी को टूर्नामेंट में तीन मुकाबले खेले गए, जिसमें दिन का पहला मैच काफी रोमांचक रहा जो श्रीलंका में खेला गया था। ग्रुप-बी के इस मैच में ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे की टीम आमने-सामने थी और इस मुकाबले को जिम्बाब्वे की टीम ने अपने नाम करने के साथ ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल को काफी रोमांचक बना दिया, जिसमें शामिल हर टीम के लिए उनके बचे बाकी सभी मुकाबले काफी अहम हो गए हैं। ऐसे में हम आपको चारों ग्रुप की स्थिति के बारे में बताने जा रहे हैं।
भारतीय टीम जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-ए का हिस्सा है वह अभी 2 मैचों में दो जीत हासिल करते हुए चार अंकों के साथ टॉप पर बनी हुई है, जिसमें टीम इंडिया का नेट रनरेट 3.050 का है। वहीं इसके बाद दूसरे नंबर पर पाकिस्तानी टीम है जिन्होंने भी अपने शुरुआती दोनों मैचों में जीत हासिल की है और उनके कुल चार अंक हैं, लेकिन नेट रनरेट 0.932 का है, जिसके चलते वह टीम इंडिया से नीचे हैं। यूएसए की टीम ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 13 फरवरी को हुए मुकाबले में 93 रनों से जीत हासिल करते हुए प्वाइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाई है और वह तीन मैचों में 2 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं, जिसमें उनका नेट रनरेट 0.533 का है। इस ग्रुप में चौथे नंबर पर अब नीदरलैंड्स की टीम है जिनके भी तीन मैचों में 2 अंक हैं, वहीं अंतिम पायदान पर नामीबिया की टीम है जो 2 मैच खेल चुकी है और दोनों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
जिम्बाब्वे की टीम ने 13 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मैच को 23 रनों से जीतने के साथ ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल में खलबली मचा दी। अब इसमें सभी टीमों के पास एक तरह से सुपर-8 में पहुंचने का मौका है। अभी ग्रुप-बी में श्रीलंका की टीम 2 मैचों में चार अंक के साथ पहले नंबर पर है और उनका नेट रनरेट 3.125 का है। इसके बाद जिम्बाब्वे की टीम भी 2 मैचों में 4 अंक के साथ दूसरे नंबर पर है और उनका नेट रनरेट 1.984 का है। ऑस्ट्रेलिया की टीम तीसरे नंबर पर 2 मैचों में दो अंक के साथ है और उनका नेट रनरेट 1.100 का है। आयरलैंड और ओमान की टीम चौथे और पांचवें नंबर पर है, जिसमें दोनों ने 2-2 मैच खेले हैं, लेकिन जीत हासिल नहीं कर पाए।
ग्रुप-सी की प्वाइंट्स टेबल को लेकर बात की जाए तो उसमें वेस्टइंडीज का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिन्होंने 2 मैच खेलते हुए दोनों में जीत दर्ज की है और उनके 4 अंक हैं और उनका नेट रनरेट 1.625 का है। दूसरे नंबर पर स्कॉटलैंड की टीम है जिन्होंने 2 मैचों में एक जीत हासिल की है और उनका नेट रनरेट 0.950 का है। तीसरे नंबर पर इटली की टीम है और उनके भी 2 मैचों में दो अंक हैं, जिसमें नेट रनरेट -0.352 का है। चौथे नंबर पर इस ग्रुप में इंग्लैंड की टीम है जो 2 मैचों में एक जीत हासिल कर पाई है और उनका नेट रनरेट -0.650 का है। नेपाल इस ग्रुप में आखिरी पायदान पर है जिसमें उन्होंने 2 मैच खेले हैं और दोनों में हार का सामना करना पड़ा है।
न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका जो ग्रुप-डी का हिस्सा हैं, उनकी स्थिति काफी मजबूत देखने को मिल रही है। दोनों ही टीमों ने अपने शुरुआती 2 मुकाबलों में जीत हासिल करने के साथ चार अंक बटोर लिए हैं। न्यूजीलैंड की टीम का नेट रनरेट 1.919 का है, वहीं साउथ अफ्रीका का नेट रनरेट 1.425 का है। इसके बाद तीसरे नंबर पर यूएई की टीम है जिनके 2 मैचों में दो अंक हैं और उनका नेट रनरेट -1.030 का है। चौथे नंबर पर अफगानिस्तान की टीम है जिन्होंने दो मैच खेले हैं और दोनों में हार का सामना किया है, वहीं पांचवें नंबर पर कनाडा की टीम है जिसमें वह भी दो मैच खेलने के बाद एक में भी जीत हासिल करने में कामयाब नहीं हो सकी है।
ये भी पढ़ें
संपादक की पसंद