भारतीय टीम की टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है, जिसमें सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया आगामी मेगा टूर्नामेंट में खेलते हुए दिखाई देगी। अभी तक टीम इंडिया के लिए टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सिर्फ तीन खिलाड़ियों को कप्तानी करने का मौका मिला है, जिसमें एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा का नाम शामिल है। वहीं सूर्या इस लिस्ट में शामिल होने वाले चौथे खिलाड़ी बनेंगे। ऐसे में सूर्या के कंधों पर काफी बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली है, क्योंकि टीम इंडिया डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान पर खेलने उतरेगी। हम आपको भारतीय टीम का टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक के रिकॉर्ड के बारे में बताने जा रहे हैं। बता दें कि अब तक सिर्फ तीन टीमें ऐसी हैं जो टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को 2-2 बार अपने नाम करने में कामयाब हो सकी हैं, जिसमें वेस्टइंडीज, इंग्लैंड के अलावा भारत का नाम भी शामिल है।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में जीते हैं अब तक सबसे ज्यादा मुकाबले
टी20 वर्ल्ड कप के अब तक 9 एडिशन खेले जा चुके हैं, जिसमें आगामी टूर्नामेंट 10वां एडिशन होगा। वहीं कुल 24 टीमें टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में हिस्सा ले चुकी हैं और इसमें सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने का रिकॉर्ड अभी भारतीय टीम के नाम पर है। टीम इंडिया ने साल 2007 से लेकर 2024 तक खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के सभी एडिशन में हिस्सा लिया है और कुल 52 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से वह 36 मैच जहां जीतने में कामयाब रही है तो वहीं 15 मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा एक मुकाबला रद्द रहा है।

टीम इंडिया ने 2 बार ट्रॉफी को किया है अपने नाम
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का 9 एडिशन में प्रदर्शन देखा जाए तो उसमें साल 2007 में वह ट्रॉफी को अपने नाम करने में कामयाब रही थी। इसके बाद साल 2009 के टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का सफर सुपर-8 स्टेज से खत्म हो गया था। साल 2012 में भी सुपर-8 स्टेज से आगे टीम इंडिया नहीं बढ़ पाई थी। साल 2014 के टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम फाइनल में तो पहुंचने में कामयाब हुई थी, लेकिन उसे श्रीलंका से हार का सामना करना पड़ा था। साल 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा। वहीं साल 2021 में टीम इंडिया सुपर-12 स्टेज से बाहर हो गई थी। साल 2022 के टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का सफर सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड से मिली हार के साथ खत्म हो गया था। इसके बाद साल 2024 में टीम इंडिया दूसरी बार ट्रॉफी को अपने नाम करने में कामयाब रही थी।

ये भी पढ़ें