भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मुकाबले में अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने के लिए आए। बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने एक खास उपलब्धि अपने नाम की। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में कप्तान के तौर पर 1000 रन पूरे कर लिए हैं और ऐसा करने वाले वह साउथ अफ्रीका के 9वें कप्तान बन गए हैं।
20 पारियों में टेम्बा बावुमा ने पूरे किए 1000 रन
टेम्बा बावुमा ने इस मैच से पहले तक टेस्ट में कप्तान के तौर पर 969 रन बनाए थे। उन्हें अपने 1000 रन पूरे करने के लिए 31 रन की जरूरत थी। उन्होंने मैच के 49वें ओवर में चौका लगाकर ये उपलब्धि अपने नाम की। वह साउथ अफ्रीका के लिए टेस्ट में बतौर कप्तान 1000 रन बनाने वाले 9वें खिलाड़ी बन गए हैं। वह टेस्ट में कप्तान के तौर पर 1000 रन बनाने वाले संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज अफ्रीकी खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में टॉप पर ग्रीम स्मिथ का नाम है। स्मिथ ने 17 पारियों में 1000 रन पूरे किए थे। वहीं बावुमा ने 20 पारियों में ये कारनामा किया है।
टेम्बा बावुमा ने शॉन पॉलक को छोड़ा पीछे
आपको बता दें कि इस मैच की पहली पारी में 31 रन बनाते ही वह अपनी ही टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर शॉन पॉलक (998 रन) को भी पीछे छोड़ दिया है। पॉलक ने कप्तान के रूप में 26 टेस्ट में 998 रन बनाए थे। अब बावुमा कप्तान के तौर पर 1000 से अधिक रन बना चुके हैं। बतौर कप्तान बावुमा के बल्ले से अब तक 3 शतक और 6 अर्धशतक आए हैं और उनका औसत 57 से अधिक का है। बावुमा इस वक्त कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। अब गुवाहटी टेस्ट में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है ये देखने लायक बात होगी।
IND vs SA: दोनों टीमों की प्लेइंग XI में हुए बदलाव
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में खेले जा रहे टेस्ट मैच की बात करें तो वहां दोनों टीमों ने अपनी-अपनी प्लेइंग XI में बड़े बदलाव किए हैं। भारत की प्लेइंग XI में दो बदलाव हुए हैं। रेगुलर कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट की वजह से इस मैच में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह नीतीश कुमार रेड्डी को मौका दिया गया है। वहीं अक्षर पटेल की जगह साईं सुदर्शन को टीम में शामिल किया गया है। साउथ अफ्रीका की बात करें तो उन्होंने कॉर्बिन बॉश को बाहर करके सेनुरन मुथुसामी को प्लेइंग XI में शामिल किया है।
यह भी पढ़ें