भारतीय क्रिकेट टीम 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड से दो-दो हाथ कर रही है तो वहीं, भारत के धाकड़ बल्लेबाज तिलक वर्मा काउंटी क्रिकेट में अपनी शानदार बैटिंग का जलवा बिखेर रहे हैं। काउंटी में पहला सीजन खेलते हुए तिलक वर्मा ने तहलका मचा दिया है।
पिछले महीने हैंपशर की ओर से काउंटी चैंपियनशिप में डेब्यू करते हुए तिलक वर्मा ने धमाकेदार शतक जड़ा था और अब एक बार फिर बल्ले से कमाल करते हुए शानदार सैकड़ा जड़ दिया। उनका ये दूसरा शतक महज चौथी पारी में आया है। तिलक ने 256 गेंदों का सामना करते हुए 112 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 15 बाउंड्री निकली। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक हैंपशर ने 6 विकेट पर 367 रन बना लिए थे और तिलक की इस जुझारू पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया।
शतकीय पारी में 15 बाउंड्री जड़ी
तिलक वर्मा का ये शतक काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन वन 2025 के 47वें मुकाबले में आया है। हैंपशर की ओर से खेलते हुए तिलक वर्मा ने नॉटिंघमशर के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाज मोहम्मद अब्बास के खिलाफ भी खूब रन बटोरे। तिलक वर्मा ने अपने 112 रनों की पारी में 13 चौके और 2 छक्के जड़े। वर्मा दिन का खेल खत्म होने से कुछ देर पहले ही फ्रेडी मैककैन का शिकार बन गए।
काउंटी में जमकर बोल रहा बल्ला
काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन वन 2025 में तिलक वर्मा हैंपशर के लिए छठे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह अब तक 3 मैचों की 4 पारियों में 78.75 के औसत से 315 रन बना चुके हैं। उन्होंने
काउंटी चैंपियनशिप के अपने डेब्यू मैच में ही शतक जड़ सनसनी मचाई थी। हैंपशर और एसेक्स के बीच खेले गए इस मैच में उन्होंने 241 गेंदों में 11 चौकों और तीन छक्कों की बदौलत 100 रनों की पारी खेली थी और विदेशी सरजमीं पर अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया था। इसके बाद उन्होंने वॉर्सेस्टरशायर के खिलाफ पहली पारी में शानदार अर्धशतक और दूसरी पारी में 47 रन बनाने का कारनामा किया था। और अब चौथे मैच में एक बार फिर सैकड़ा जड़ते हुए इंग्लैंड में धमाका कर दिया है।