टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को ग्रुप स्टेज में 61 रनों से हरा दिया है। भारत की इस जीत में ईशान किशन की भूमिका सबसे अहम रही। बल्लेबाजी के लिए मुश्किल पिच पर उन्होंने 40 बॉल पर 77 रन की पारी खेली। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी की। उनकी इसी पारी के बदौलत टीम इंडिया इस मैच में 20 ओवर में 175 रन बनाने में कामयाब रही। इस बीच मैच खत्म होने के बाद तिलक वर्मा ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि जब ईशान किशन ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे थे तब उन्होंने ईशान से क्या कहा था।
मैच खत्म होने के बाद तिलक वर्मा ने इंटरव्यू के दौरान बताया कि मैंने ईशान को बोला कि आज अच्छा लग रहा है। तू मारता जा। ऐसे ही खेलता जा। मैं दूसरी तरफ से विकेट संभालता हूं। यदि तू आउट भी हो गया तो सोचना नहीं। मैं दूसरी तरफ से मोर्चा संभाले हुए हूं। बस तू ऐसे ही मारता जा। ईशान ने भी तिलक की इन बातों को ध्यान में रखते हुए एक छोर से पाकिस्तानी गेंदबाजों की धुनाई जारी रखी। उनके पास शतक पूरा करने का मौका था लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके।
मैच खत्म होने के बाद सुर्यकुमार यादव ने भी ईशान किशन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस विकेट पर पहले बैटिंग करना बेहतर ऑप्शन था। ईशान ने कुछ अलग सोचा। एक के स्कोर पर एक विकेट गंवाने के बाद, किसी को जिम्मेदारी लेनी थी और जिस तरह से उसने वो जिम्मेदारी ली वह कमाल का था। जब आप पहले बैटिंग कर रहे हों तो यह कहना मुश्किल है। क्योंकि आपको कभी नहीं पता होता कि ओस होगी या लाइट्स में पिच कैसी रहेगी।
तिलक वर्मा की बात करें तो इस मैच में वह बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। वह तेज पारी तो नहीं खेल पाए लेकिन उन्होंने धैर्य के साथ बैटिंग की और 24 बॉल पर 25 रन बनाए। वहीं गेंदबाजी में भी उन्होंने 2 ओवर में 11 रन बनाकर एक विकेट लिया। उन्होंने गेंद और बल्ले से दोनों से अहम योगदान दिया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। टी20 वर्ल्ड कप में यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ 8वीं जीत है।
यह भी पढ़ें
IND vs PAK: ईशान किशन की तूफानी बल्लेबाजी, कोहली-उथप्पा वाले स्पेशल क्लब में बनाई जगह
सलमान अली आगा ने मैच शुरू होने से पहले किया था ब्लंडर, एक गलत फैसले की वजह से मिली शर्मनाक हार
संपादक की पसंद