ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मुकाबले में न्यूजीलैंड के दोनों सलामी बल्लेबाज ने शतक ठोक दिया है। ट्रेंट ब्रिज के मैदान पर कप्तान टॉम लाथम ने 51वें ओवर में अपना 17वां टेस्ट शतक पूरा किया। उन्होंने शतक तक पहुंचने के लिए 149 गेंदों का सामना किया। इसके बाद दूसरे सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे के बल्ले से भी शतक निकला। कॉनवे 157 और लाथम 151 रन बनाकर आउट हुए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 317 रनों की साझेदारी हुई।
लैथम और कॉनवे की जोड़ी ने दूसरी बार किया ये कारनामा
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह दूसरी बार है जब लैथम और कॉनवे की जोड़ी ने 300 या उससे ज्यादा रनों की पार्टनरशिप की है। वे दुनिया की सिर्फ दूसरी ऐसी ओपनिंग जोड़ी बन गए हैं जिन्होंने टेस्ट में एक से ज्यादा बार 300+ रन जोड़े हों। इस मामले में साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ और हर्षल गिब्स की जोड़ी सबसे आगे हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 3 बार ये कारनामा किया है। इंग्लैंड की धरती पर 2004 के बाद पहली बार दोनों सलामी बल्लेबाजों ने टेस्ट मैच की पहली पारी में शतक लगाया है। तब ग्रीम स्मिथ और हर्षल गिब्स ने यह कारनामा किया था।
लैथम और कॉनवे ने बनाए कई रिकार्ड्स
कॉनवे और लैथम की ये जोड़ी न्यूजीलैंड की दूसरी ऐसी ओपनिंग जोड़ी बन गई हैं जिन्होंने टेस्ट मैचों में इंग्लैंड के खिलाफ 200 या उससे ज्यादा की साझेदारी बनाई है। पहली बार ऐसा 96 साल पहले 1930 में हुआ था। वेलिंगटन में खेले गए टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की तरफ से स्टुई डेम्पस्टर और जैकी मिल्स की सलामी जोड़ी ने 276 रनों की पार्टनरशिप की थी। आपको बता दें कि विदेशी पिचों पर न्यूजीलैंड की तरफ से किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। वहीं पिछले 15 सालों में इंग्लैंड की मुश्किल पिचों पर ओपनिंग करते हुए 200 से ज्यादा रन बनाने वाली यह दुनिया की सिर्फ दूसरी जोड़ी है।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने बनाए 361 रन
मुकाबले की बात करें तो ट्रेंट ब्रिज के नॉटिंघम में कीवी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कीवी कप्तान का ये फैसला काफी हद तक सही साबित हुआ। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने ऐसी बल्लेबाजी की कि इंग्लैंड के गेंदबाजों के पसीने छूट गए। दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 4 विकेट के नुकसान पर 361 रन बना लिए हैं। पूरे दिन में सिर्फ 84.1 ओवर ही फेके जा सके। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने 4.29 के विस्फोटक रेट से रन बनाए। लैथम और कॉनवे के बाद हेनरी निकोलस 36 रन बनाकर आउट हुए। वहीं रचिन रवींद्र ने 7 रन बनाए।
यह भी पढ़ें
वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगी टीम इंडिया? अब बन रहे हैं ये समीकरण