1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ट्रेविस हेड के पास इतिहास रचने का मौका, ऐसा करने वाले बन सकते हैं पहले खिलाड़ी

ट्रेविस हेड के पास इतिहास रचने का मौका, ऐसा करने वाले बन सकते हैं पहले खिलाड़ी

 Published : Jun 09, 2025 03:46 pm IST,  Updated : Jun 09, 2025 03:46 pm IST

ICC WTC Final: साल 2023 में जब आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला गया था, तब ट्रेविस हेड ने कमाल की पारी खेली थी और उन्हें मुकाबले का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया था।

travis head- India TV Hindi
ट्रेविस हेड Image Source : GETTY

ICC World Test Championship Final 2025: एक बार फिर से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल करीब आ रहा है। अब देखना ये होगा कि इस बार नया चैंपियन मिलता है या फिर फिर से पुरानी टीम ही विजेता बनती है। ये महामुकाबला ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। साउथ अफ्रीका की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची है, वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले भी एक फाइनल खेलकर इसे जीत चुकी है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाजों में से एक ट्रेविस हेड के पास नया इतिहास रचने का मौका है। 

साल 2021 में खेला गया था पहला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल

साल 2021 में जब पहली बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला गया था, तब भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने सामने थीं। इस मैच में न्यूजीलैंड ने शानदार जीत दर्ज की थी। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर न्यूजीलैंड के काइल जेमिसन को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया था। काइल जेमिसन ने इस मैच की पहली पारी में 22 ओवर डालकर 5 विकेट अपने नाम किए थे। इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने दो और विकेट ले लिए। यानी कुल मिलाकर मैच में सात विकेट चटकाने में उन्होंने कामयाबी हासिल की थी। इसके साथ ही उन्होंने रन बनाकर भी अपनी टीम की जीत में सहयोग दिया था। इसी कारण उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। 

साल 2023 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में ट्रेविस हेड ने किया कमाल

साल 2023 में एक बार फिर से आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला गया। इस बार भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से हुआ। इस बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड ट्रेविस हेड को मिला। ट्रेविस हेड ने मैच की पहली पारी में 174 बॉल पर 163 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने 18 रन बनाए। लेकिन मैच में उनकी पारी चूंकि सबसे बड़ी थी, इसलिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किय गया। इस मैच को टीम इंडिया 209 रनों के भारी अंतर से हार गई थी।

हेड दो बार डब्ल्यूटीसी फाइनल में बन सकते हैं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

अब ट्रेविस हेड एक और दफा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलेंगे, ऐसे में उनके पास मौका होगा कि दो बार आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने। अभी तक जो दो ​डब्ल्यूटीसी फाइनल खेले गए हैं, उसमें ट्रेविस हेड के अलावा स्टीव स्मिथ ही वो बल्लेबाज हैं, जो शतक लगा पाए हैं। अगर ट्रेविस हेड के बल्ले से एक और सेंचुरी आती है तो वो फाइनल में दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं। इस वक्त फाइनल का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। देखना होगा कि कौन सी टीम बाजी मारती है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल